स्थायी लोक अदालत ने प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस को दिए निर्देश, रात में सिग्नल बंद करने या फ्लैशिंग मोड पर चलाने पर विचार करने को कहा; व्यस्त चौराहों पर पीक आवर्स में पुलिसकर्मी भी होंगे तैनात
स्थायी लोक अदालत ने प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस को दिए निर्देश, रात में सिग्नल बंद करने या फ्लैशिंग मोड पर चलाने पर विचार करने को कहा; व्यस्त चौराहों पर पीक आवर्स में पुलिसकर्मी भी होंगे तैनात
खबर खास | चंडीगढ़
चंडीगढ़ में ट्रैफिक सिग्नल पर लंबे इंतजार और बार-बार लगने वाले जाम से वाहन चालकों को जल्द राहत मिल सकती है। स्थायी लोक अदालत ने चंडीगढ़ प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया है कि शहर के चौराहों पर रेड लाइट का इंतजार 90 सेकंड से अधिक नहीं होना चाहिए। खासतौर पर उन सड़कों और चौराहों पर इस व्यवस्था को प्राथमिकता देने को कहा गया है, जहां वाहनों का दबाव अधिक रहता है।
अदालत ने ट्रिब्यून चौक से सेक्टर-39 अनाज मंडी चौक तक के मार्ग पर आने वाले प्रत्येक चौराहे पर रेड लाइट का समय कम करने के विशेष निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अधिकारियों को रात के समय यातायात कम होने पर ट्रैफिक सिग्नल बंद करने या उन्हें फ्लैशिंग मोड में संचालित करने की संभावना पर विचार करने को कहा है।
अदालत ने सुबह और शाम के व्यस्त समय में प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती के भी निर्देश दिए हैं, ताकि वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके और जाम की स्थिति पैदा न हो।
90 दिन में कार्रवाई रिपोर्ट देगी ट्रैफिक पुलिस
ये निर्देश चंडीगढ़ के अधिवक्ता सुखविंदर सिंह की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान जारी किए गए। इस मामले में चंडीगढ़ प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने भी प्रस्तावित उपायों पर सहमति जताई है।
स्थायी लोक अदालत ने ट्रैफिक पुलिस को 90 दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। इसमें अदालत को बताना होगा कि उसके निर्देशों को लागू करने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं।
चंडीगढ़ में 105 ट्रैफिक सिग्नल, तीन एजेंसियां संभाल रहीं संचालन
अदालत में प्रशासन की ओर से पेश जवाब के अनुसार, चंडीगढ़ में कुल 105 चौराहे और ट्रैफिक सिग्नल हैं। इनका संचालन तीन अलग-अलग एजेंसियों के माध्यम से किया जा रहा है।
आरआर इलेक्ट्रॉनिक्स के पास 55 चौराहों की जिम्मेदारी है, जबकि सैंको इलेक्ट्रिकल्स 10 चौराहों का संचालन करती है। बाकी 40 चौराहों का प्रबंधन स्मार्ट सिटी लिमिटेड के पास है। प्रशासन ने अदालत को यह भी बताया कि अब तक शहर में करीब 19 लाख ई-चालान जारी किए जा चुके हैं।
लंबी रेड लाइट से समय और ईंधन दोनों की बर्बादी का उठाया था मुद्दा
अधिवक्ता सुखविंदर सिंह ने 14 नवंबर 2024 को यह याचिका दायर की थी। इसमें उन्होंने शहर के विभिन्न गोल चक्करों और चौराहों पर लंबे समय तक रेड लाइट रहने के कारण लगने वाले जाम और वाहन चालकों को होने वाली परेशानी का मुद्दा उठाया था।
याचिका में दलील दी गई थी कि ट्रैफिक सिग्नल पर लंबे समय तक इंतजार करने से लोगों का कीमती समय और ईंधन बर्बाद होता है। इसके अलावा, सिग्नल के हरा होने का इंतजार करते समय कई वाहन इंजन चालू रखकर खड़े रहते हैं, जिससे वायु और ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है।
याचिकाकर्ता ने अधिकारियों से ट्रैफिक सिग्नल का समय कम करने और जरूरत पड़ने पर चुनिंदा चौराहों पर मैनुअल व्यवस्था लागू करने की मांग की थी। रात के समय जब सड़कों पर वाहनों की संख्या कम रहती है, तब ट्रैफिक सिग्नल बंद करने की मांग भी उठाई गई थी।
अब स्थायी लोक अदालत के इन निर्देशों से चंडीगढ़ में ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था को बेहतर बनाने और अनावश्यक इंतजार कम करने की दिशा में कदम उठाने का रास्ता खुला है। हालांकि, वाहन चालकों को वास्तविक राहत इन निर्देशों पर प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई के बाद ही मिल सकेगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0