सितंबर के मध्य में ही ऊंचे पहाड़ों पर बिछी बर्फ की चादर, शिमला-धर्मशाला में झमाझम बारिश; 16 से 20 सितंबर तक कई इलाकों में बरसात का अनुमान
सितंबर के मध्य में ही ऊंचे पहाड़ों पर बिछी बर्फ की चादर, शिमला-धर्मशाला में झमाझम बारिश; 16 से 20 सितंबर तक कई इलाकों में बरसात का अनुमान
हिमाचल प्रदेश में सितंबर के मध्य में ही मौसम ने करवट बदलनी शुरू कर दी है। रोहतांग दर्रा की ऊंची चोटियां ताजा बर्फबारी के बाद सफेद हो गई हैं, जबकि शिमला और धर्मशाला में झमाझम बारिश दर्ज की गई। बारिश और बर्फबारी के बाद प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में सर्दियों की आहट महसूस होने लगी है। तेज हवाओं और आसमान में छाए बादलों के चलते सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ गई है। हालांकि, मैदानी जिलों में धूप खिलने से उमस का असर बना हुआ है। प्रदेश में मंगलवार शाम तक 59 सड़कें और 11 पेयजल योजनाएं प्रभावित रहीं।
सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक रोहतांग दर्रा की ऊंची चोटियों पर करीब दो से पांच सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई। बर्फ की सफेद चादर ओढ़ते ही रोहतांग और आसपास की पहाड़ियां बेहद खूबसूरत नजर आने लगीं और ये इलाके लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गए हैं। ग्रांफू, कोकसर, अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल और चंद्रा घाटी के निचले इलाकों में बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को ठंड का अहसास होने लगा। कई जगह लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं।
मौसम में आए बदलाव का असर खेती-बाड़ी पर भी दिखाई देने लगा है। लाहौल घाटी में किसान फूलगोभी, ब्रोकली और हरे मटर जैसी नकदी फसलों को समेटने में जुट गए हैं। वहीं, सितंबर के अंतिम सप्ताह से आलू की खुदाई शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय कारोबारियों का मानना है कि पहाड़ों पर हुई शुरुआती बर्फबारी से पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है और पर्यटकों की आवाजाही में तेजी आने की उम्मीद है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 16 से 20 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में कई स्थानों पर बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और अंधड़ चलने की भी आशंका जताई गई है।
सोमवार रात कुकुमसेरी प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा शिमला में न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री, कल्पा में 12.4 डिग्री, केलांग में 12.6 डिग्री और ताबो में 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम के इस बदले मिजाज से हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सर्दियों की दस्तक समय से पहले महसूस होने लगी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0