एसएसपी खख ने कहा—नशे की कमाई से बनाई गई संपत्तियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा
एसएसपी खख ने कहा—नशे की कमाई से बनाई गई संपत्तियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा
पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ के तहत मालेरकोटला पुलिस ने आज दो कुख्यात नशा तस्करों से संबंधित संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके द्वारा बनाई गई इमारतों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई यहां मोहल्ला बैरागियां वाला, साईं बाबा जी मंदिर के निकट स्थित संपत्तियों पर की गई।
यह कार्रवाई एसएसपी मालेरकोटला हरकमल प्रीत सिंह खख की निगरानी में की गई। मौके पर एसपी (डी) रामनदीप सिंह भुल्लर, डीएसपी मानवजीत सिंह तथा संबंधित थाना प्रभारी की अगुवाई में पुलिस टीमें तैनात रहीं और संपत्तियों को ध्वस्त करने की कार्रवाई को अमल में लाया गया।
पहले आरोपी मोहम्मद इफ्तिखार उर्फ तारू खान के खिलाफ इसी वर्ष 9 सितंबर को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। उसके बेटे फैसल खान उर्फ तारू वाला के खिलाफ वर्ष 2022 से अब तक नशे से संबंधित चार मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें पहले 4.5 किलोग्राम चरस की बरामदगी, इसके बाद 150 नशीली गोलियों की बरामदगी से संबंधित दो मामले तथा 7 ग्राम हेरोइन की बरामदगी से संबंधित एक अन्य मामला शामिल है। हेरोइन से संबंधित मामला इसी वर्ष दर्ज किया गया था।
एसएसपी खख ने बताया कि दोनों व्यक्तियों की आय से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की गई और पुलिस को ऐसा कोई उचित आय स्रोत नहीं मिला, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि वे इन संपत्तियों के निर्माण का खर्च कैसे वहन कर सकते थे। उन्होंने कहा कि नशे की कमाई से बनाई गई संपत्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और नशा तस्करी से पैसा कमाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि यदि उनके पास किसी नशा तस्कर या नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री से संबंधित कोई जानकारी है, तो वे उसे पुलिस के साथ साझा करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
एसएसपी खख ने कहा कि ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान का उद्देश्य केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार करना ही नहीं, बल्कि नशे की अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों और नशा तस्करी के आर्थिक ढांचे के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई करना है। उन्होंने कहा कि मलेरकोटला पुलिस नशे के कारोबार में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रखेगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0