18वें BRICS लीडर्स समिट के चलते लिया गया फैसला, 12 और 13 सितंबर को भी नहीं होंगे सरकारी कामकाज
18वें BRICS लीडर्स समिट के चलते लिया गया फैसला, 12 और 13 सितंबर को भी नहीं होंगे सरकारी कामकाज
नई दिल्ली में 18वें BRICS लीडर्स समिट के आयोजन को देखते हुए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। 11 सितंबर को नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के सभी कार्यालयों में छुट्टी रहेगी। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। वहीं, आयोजन को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को लेकर एडवायजरी जारी की है।
18वें BRICS लीडर्स समिट का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जाएगा। इस दौरान BRICS बिजनेस फोरम और BRICS लीडर्स समिट समेत कई महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित होंगी। दुनिया के कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, वरिष्ठ प्रतिनिधि और डेलीगेट्स इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में हिस्सा लेने के लिए राजधानी पहुंचेंगे।
BRICS में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। इसके अलावा BRICS के सहयोगी देशों के प्रतिनिधि भी नई दिल्ली पहुंचेंगे। इनमें बेलारूस, क्यूबा, बोलीविया, कजाकिस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम शामिल हैं।
इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन के मद्देनजर नई दिल्ली में सुरक्षा और लॉजिस्टिक व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। विदेशी मेहमानों और प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही के कारण राजधानी के प्रमुख इलाकों में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। इसी को देखते हुए दिल्ली पुलिस की सलाह पर 11 सितंबर को केंद्र सरकार के नई दिल्ली स्थित कार्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इसके बाद 12 और 13 सितंबर को क्रमश: शनिवार और रविवार होने के कारण सरकारी कार्यालय सामान्य रूप से बंद रहेंगे।
समिट में शामिल होने वाले विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और डेलीगेट्स के ठहरने के लिए नई दिल्ली के करीब दर्जनभर प्रमुख होटलों में विशेष व्यवस्था की गई है। इनमें ताज होटल, मौर्य शेरेटन, ली मेरिडियन, अशोक होटल, सम्राट होटल, क्लेरिजेस होटल, लीला होटल, शांगरी-ला, जनपथ होटल और ताज मान सिंह होटल समेत कई प्रमुख होटल शामिल हैं।
भारत की BRICS अध्यक्षता का मुख्य विषय ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ रखा गया है। यह विषय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मानव-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाता है और ‘मानवता सर्वोपरि’ की भावना पर आधारित है। समिट के दौरान इन प्राथमिकताओं के अलावा BRICS देशों के नेता साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर सहयोग मजबूत करने के साथ-साथ वैश्विक और क्षेत्रीय महत्व के विषयों पर भी अपने विचार साझा करेंगे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0