यूरोप टूर के कॉन्सर्ट से पहले दिलजीत ने दिखाया पंजाबी अंदाज, विक्ट्री कॉलम पर चढ़ते हुए बोले- ‘पैसे देकर मुसीबत मोल ले ली’
यूरोप टूर के कॉन्सर्ट से पहले दिलजीत ने दिखाया पंजाबी अंदाज, विक्ट्री कॉलम पर चढ़ते हुए बोले- ‘पैसे देकर मुसीबत मोल ले ली’
ग्लोबल पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने वर्ल्ड टूर के यूरोपियन लेग की शुरुआत के लिए जर्मनी की राजधानी बर्लिन में हैं। कॉन्सर्ट से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी ‘बर्लिन डायरी’ की कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन तस्वीरों और वीडियो में दिलजीत का मस्ती भरा अंदाज और पंजाबी रंग साफ नजर आ रहा है।
दिलजीत ने बर्लिन की सड़कों से कई तस्वीरें और वीडियो अपने फैंस के साथ साझा किए। एक वीडियो में वह अपने दोस्त के साथ सड़क पर जमकर भांगड़ा करते नजर आए। उनका यह देसी अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को खूब पसंद आ रहा है और वीडियो पर फैंस लगातार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
बर्लिन प्रवास के दौरान दिलजीत मशहूर विक्ट्री कॉलम भी देखने पहुंचे। इस ऐतिहासिक स्मारक के शीर्ष पर रोमन विजय की देवी विक्टोरिया की सुनहरी प्रतिमा लगी है, जिसे स्थानीय तौर पर ‘गोल्डएल्से’ यानी ‘गोल्डन एल्सी’ के नाम से जाना जाता है। दिलजीत यहां स्मारक के ऊपर तक पहुंचे और संकरी सीढ़ियों से चढ़ते हुए नजर आए।
सीढ़ियां चढ़ने के दौरान दिलजीत की हालत थोड़ी थकी हुई नजर आई। एक वीडियो में सांस फूलने पर उन्होंने अपने दोस्त से मजाकिया अंदाज में कहा, ‘पैसे देकर मुसीबत मोल ले ली।’ इसके बाद उन्होंने चढ़ाई का एक और वीडियो शेयर किया, जिसमें उनका दोस्त सीढ़ियां चढ़ता दिखाई दिया।
दिलजीत दोसांझ ने पंजाबी म्यूजिक को दुनियाभर में पहचान दिलाने वाले कलाकारों में अपनी खास जगह बनाई है। ‘डू यू नो’, ‘5 तारा’, ‘पटियाला पेग’, ‘लवर’, ‘बॉर्न टू शाइन’ और ‘G.O.A.T.’ जैसे उनके कई गाने बेहद लोकप्रिय रहे हैं। संगीत के साथ-साथ उन्होंने अभिनय की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई है।
पंजाबी फिल्मों से अभिनय करियर की शुरुआत करने के बाद दिलजीत ने 2016 में ‘उड़ता पंजाब’ के जरिए हिंदी सिनेमा में कदम रखा। इसके बाद वह ‘फिल्लौरी’, ‘सूरमा’, ‘गुड न्यूज़’, ‘सूरज पे मंगल भारी’, ‘जोगी’ और ‘क्रू’ जैसी फिल्मों में नजर आए। पंजाबी सिनेमा में भी ‘जट्ट एंड जूलियट’, ‘सज्जन सिंह रंगरूट’, ‘हौंसला रख’, ‘बेबे भंगरा पाउंदे ने’ और ‘जट्ट एंड जूलियट 3’ जैसी फिल्मों से उन्होंने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
2024 में दिलजीत इम्तियाज अली की बायोग्राफिकल म्यूजिकल ड्रामा फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ में परिणीति चोपड़ा के साथ मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म में उनके अभिनय को भी काफी सराहना मिली थी। अब बर्लिन में उनके कॉन्सर्ट को लेकर फैंस के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0