मायापुर-हाट में निर्माणाधीन सुरंग में मलबा और पानी भरने से मची अफरा-तफरी, सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ समेत कई एजेंसियां राहत-बचाव में जुटीं
मायापुर-हाट में निर्माणाधीन सुरंग में मलबा और पानी भरने से मची अफरा-तफरी, सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ समेत कई एजेंसियां राहत-बचाव में जुटीं
चमोली जिले के मायापुर-हाट में बिष्णुगाढ़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में मलबा और पानी भरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के बाद सुरंग के भीतर फंसे 19 मजदूरों में से 16 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि तीन मजदूरों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे सुरंग में अचानक मलबा और पानी भरने की सूचना मिली थी। उस समय सुरंग के भीतर करीब 19 मजदूर काम कर रहे थे, जिसके बाद सभी के फंसने की जानकारी सामने आई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा राहत-बचाव एजेंसियों ने तत्काल अभियान शुरू कर दिया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि अब तक 16 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सुरंग में फंसे बाकी तीन मजदूरों को भी जल्द सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव दल पूरी तत्परता से काम कर रहे हैं।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। वहीं, डीआईआरएफ, स्थानीय पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान मौके पर बचाव अभियान में जुटे हुए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरी चिंता जताते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता सुरंग में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है। मुख्यमंत्री स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं और घटनास्थल की स्थिति की लगातार जानकारी ले रहे हैं।
जिला प्रशासन की ओर से बचाव अभियान के लिए आवश्यक संसाधन मौके पर जुटाए जा रहे हैं। सुरंग में फंसे तीन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए विभिन्न एजेंसियों की टीमें समन्वय के साथ लगातार प्रयास कर रही हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0