घूंगराणा गांव से जुड़ी हैं परिवार की जड़ें, पंजाब से शुरुआती पढ़ाई के बाद कनाडा में बनाया राजनयिक और प्रशासनिक करियर
घूंगराणा गांव से जुड़ी हैं परिवार की जड़ें, पंजाब से शुरुआती पढ़ाई के बाद कनाडा में बनाया राजनयिक और प्रशासनिक करियर
पंजाब के लुधियाना जिले के घूंगराणा गांव से जुड़ी प्रतिभा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारतीय मूल के सिख युवा अंगद सिंह ढिल्लों को कनाडा ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में अपना राजदूत नियुक्त किया है। कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने 25 सितंबर को उनकी नियुक्ति की घोषणा की। 35 वर्षीय अंगद UAE में कनाडा के मौजूदा राजदूत राधा कृष्ण पांडेय का स्थान लेंगे।
अंगद सिंह ढिल्लों के परिवार की जड़ें लुधियाना के घूंगराणा गांव से जुड़ी हैं और परिवार की पंजाब के सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में लंबे समय से भागीदारी रही है। उनके परदादा गुरनाम सिंह घूंगराणा 1930 के दशक में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से जुड़े शुरुआती सदस्यों में शामिल रहे थे। वहीं उनके दादा जगतजीत सिंह घूंगराणा प्रगतिशील किसान और क्षेत्र के प्रमुख किसान नेताओं में गिने जाते थे। उनका पंजाब एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन और पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के प्रबंधन से भी जुड़ाव रहा।
अंगद के पिता नैनिंदर सिंह ढिल्लों के अनुसार, अंगद की शुरुआती शिक्षा पंजाब में हुई। उन्होंने पटियाला के यादविन्द्रा पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की और इसके बाद पुणे के महिंद्रा यूनाइटेड वर्ल्ड कॉलेज में अध्ययन किया। वर्ष 2010 में 19 वर्ष की उम्र में वह कनाडा चले गए। बाद में उन्होंने न्यू ब्रंसविक स्थित माउंट एलिसन यूनिवर्सिटी से अंतरराष्ट्रीय संबंधों की पढ़ाई की।
कनाडा पहुंचने के बाद अंगद ने अपने करियर की शुरुआत राजनीतिक संगठन से की। उन्होंने पील क्षेत्र में चुनावी संगठन से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभाली और बाद में ओटावा में लिबरल रिसर्च ब्यूरो के आउटरीच एवं ऑपरेशंस से जुड़े। इसके बाद उन्होंने कनाडा सरकार के विभिन्न विभागों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
उनके शुरुआती राजनीतिक करियर में 1914 के कामागाटा मारू प्रकरण को लेकर कनाडाई सरकार की माफी से संबंधित पृष्ठभूमि और लॉजिस्टिक कार्य भी शामिल रहा। इसके बाद अंगद ने लघु व्यवसाय और परिवहन से जुड़े दो संघीय कैबिनेट मंत्रियों के चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में काम किया। इन जिम्मेदारियों के दौरान वह जी7, जी20, संयुक्त राष्ट्र महासभा, एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग, इंटरनेशनल ट्रांसपोर्ट फोरम और COP जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों से जुड़े सरकारी कामकाज में शामिल रहे।
अंगद का करियर आगे बढ़ते हुए कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचा। कनाडा सरकार के आधिकारिक बायोग्राफिकल नोट के मुताबिक, उन्होंने हाल में प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के कार्यालय में परिचालन एवं हितधारक संबंध निदेशक के रूप में काम किया। इस भूमिका में उन्होंने भारत और चीन सहित कनाडा के प्रमुख द्विपक्षीय साझेदारों के साथ उच्चस्तरीय संबंधों और सहयोग के चैनलों को फिर से सक्रिय करने से जुड़े प्रयासों में योगदान दिया।
उन्होंने कनाडा में आने वाले निवेश से जुड़े हितधारकों के समन्वय और कनाडा के पहले राष्ट्रीय वैश्विक निवेशक सम्मेलन से संबंधित कार्यों में भी भूमिका निभाई। अब UAE में कनाडा के राजदूत के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी उनके राजनयिक करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है। पंजाब के घूंगराणा गांव से शुरू हुआ पारिवारिक जुड़ाव अब कनाडा के अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक प्रतिनिधित्व तक पहुंच गया है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0