पुरानी तस्वीरों को नया अंदाज दे रहा AI, बॉलीवुड से लेकर नेताओं तक दिख रहा 1980 के दशक का विंटेज लुक
पुरानी तस्वीरों को नया अंदाज दे रहा AI, बॉलीवुड से लेकर नेताओं तक दिख रहा 1980 के दशक का विंटेज लुक
सोशल मीडिया पर इन दिनों आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का एक नया ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। ‘1980s Retro Trend’ के नाम से लोकप्रिय यह ट्रेंड लोगों को बिना किसी टाइम मशीन के करीब 40 साल पीछे ले जा रहा है। इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर यूजर्स अपनी मौजूदा तस्वीरों को 1980 के दशक की पुरानी तस्वीरों में बदलकर जमकर शेयर कर रहे हैं।
इस ट्रेंड की खासियत सिर्फ इतना नहीं है कि तस्वीर पुरानी नजर आती है। AI तस्वीर में कपड़ों, हेयरस्टाइल, बैकग्राउंड, लाइटिंग और विजुअल टोन तक को 80 के दशक के अंदाज में बदल देता है। इसके बाद तस्वीर किसी पुराने फोटो एलबम, स्टूडियो पोर्ट्रेट या उस दौर की बॉलीवुड फिल्म के पोस्टर जैसी दिखाई देने लगती है।
इंस्टाग्राम के ‘एड योर’ स्टिकर और स्टोरीज ने भी इस ट्रेंड को तेजी से फैलाने में भूमिका निभाई है। एक यूजर अपनी रेट्रो तस्वीर शेयर करने के बाद दूसरे लोगों को भी इसी अंदाज में फोटो बनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। देखते ही देखते बड़ी संख्या में यूजर्स अपनी ‘80s वाली पहचान’ सोशल मीडिया पर दिखा रहे हैं।
AI से तैयार की जा रही तस्वीरों में 80 के दशक की अलग-अलग थीम देखने को मिल रही हैं। कहीं पुराना बॉलीवुड सिनेमा नजर आ रहा है तो कहीं तस्वीरें बिल्कुल पारिवारिक एलबम से निकली हुई लगती हैं। भारतीय लुक में महिलाओं को चमकीली साड़ियों, बड़ी ज्वैलरी और घुंघराले या फूले हुए बालों में दिखाया जा रहा है। वहीं पुरुषों के लिए चौड़े कॉलर वाली शर्ट, हाई-वेस्ट पैंट, बेलबॉटम, मूंछ और उस दौर की खास हेयरस्टाइल का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इस ट्रेंड का क्रेज इतना बढ़ गया है कि कई बड़े नेता भी इसके रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के 80 के दशक वाले AI लुक सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। इन तस्वीरों में नेताओं को उस दौर के फैशन, चौड़े कॉलर वाली शर्ट, बेलबॉटम और विंटेज हेयरस्टाइल में दिखाया जा रहा है।
हिमंता बिस्वा सरमा ने अपना रेट्रो लुक शेयर करते हुए कहा कि वह नॉस्टैल्जिया से जुड़े किसी भी ट्रेंड का हिस्सा बनने से खुद को रोक नहीं पाए। वहीं किरेन रिजिजू ने भी रेट्रो नॉस्टैल्जिया से जुड़ी अपनी AI तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की।
इस ट्रेंड में शामिल होने के लिए यूजर अपनी साफ और सामने से ली गई तस्वीर को किसी AI टूल में अपलोड करता है। इसके बाद प्रॉम्प्ट के जरिए 1980 के दशक के कपड़े, हेयरस्टाइल, बैकग्राउंड, कैमरा क्वालिटी और लाइटिंग जैसी चीजों का विवरण दिया जाता है। AI इन निर्देशों के आधार पर मूल तस्वीर को रेट्रो अंदाज में तैयार कर देता है। जरूरत पड़ने पर दोबारा निर्देश देकर कपड़ों, बैकग्राउंड और रोशनी में बदलाव भी किया जा सकता है।
यूजर्स अपनी तस्वीर को 1980 के दशक की भारतीय स्टूडियो पोर्ट्रेट, बॉलीवुड, शादी, फैमिली एलबम, डिस्को या कॉलेज थीम में भी बदल रहे हैं। बेहतर परिणाम के लिए चेहरे की मुख्य विशेषताओं को बरकरार रखने, एनालॉग कैमरा इफेक्ट, सॉफ्ट फिल्म ग्रेन, गर्म रोशनी और पुराने फोटो स्टूडियो जैसा बैकग्राउंड देने जैसे निर्देश इस्तेमाल किए जा रहे हैं।
रेट्रो तस्वीरों को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। कई यूजर्स मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि AI ने मानो सच में टाइम मशीन बना दी है। वहीं, इस ट्रेंड के जरिए लोगों को 80 के दशक की फैशन, तस्वीरों और पुरानी यादों को एक नए डिजिटल अंदाज में दोबारा जीने का मौका मिल रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0