परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई; पीछा करने, हॉस्टल में घुसने की कोशिश और अनुचित व्यवहार के गंभीर आरोप
परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई; पीछा करने, हॉस्टल में घुसने की कोशिश और अनुचित व्यवहार के गंभीर आरोप
खबर खास | चंडीगढ़
चंडीगढ़ स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH), सेक्टर-32 में महिला रेजिडेंट डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता सामने आई है। यहां एक जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर पर अपनी ही सहकर्मी महिला डॉक्टर का कथित रूप से पीछा करने, हॉस्टल रूम में जबरन घुसने की कोशिश करने और अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगे हैं।
डिपार्टमेंट के हेड ऑफ डिपार्टमेंट (HOD) के माध्यम से दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी डॉक्टर ने 18 मई और 20 मई को दो अलग-अलग मौकों पर गर्ल्स हॉस्टल में प्रवेश किया और शिकायतकर्ता के कमरे में जबरन घुसने की कोशिश की। महिला डॉक्टर ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी लंबे समय से उसका पीछा कर रहा था और अश्लील इशारे भी करता था।
सूत्रों के मुताबिक, जब कथित तौर पर कमरे में घुसने की कोशिश की गई, उस समय महिला डॉक्टर कमरे के अंदर मौजूद नहीं थी। हालांकि, इस घटना के बाद कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था और महिला रेजिडेंट्स की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
आरोपों के बाद पीड़िता के परिजनों ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद संस्थान ने आंतरिक जांच तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि आंतरिक शिकायत समिति (ICC) अपनी जांच पूरी कर चुकी है, जबकि प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच जारी है।
इस घटना ने संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता बढ़ा दी है और मेडिकल कॉलेज परिसर में महिला डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग तेज कर दी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0