घर में लगे अवैध मीटर को चालू रखने की एवज में शिकायतकर्ता से मांगी थी रिश्वत
घर में लगे अवैध मीटर को चालू रखने की एवज में शिकायतकर्ता से मांगी थी रिश्वत
खबर खास, चंडीगढ़ :
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के दौरान पी.एस.पी.सी.एल. कार्यालय, सब-डिवीजन कुप कलां, जिला मलेरकोटला में तैनात उप-मंडल अधिकारी (एस.डी.ओ.) हरदीप सिंह को ₹10,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आज यहां यह जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव भोगीवाल, जिला मलेरकोटला के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
प्रवक्ता ने कहा कि आरोपी एस.डी.ओ. हरदीप सिंह ने शिकायतकर्ता के घर की जांच की और उसे बताया कि उसके घर में अवैध बिजली मीटर लगे हुए हैं। इस संबंध में आरोपी एस.डी.ओ. ने इन बिजली मीटरों को चालू रखने के लिए शिकायतकर्ता से ₹10,000 रिश्वत की मांग की। उल्लेखनीय है कि शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।
शिकायतकर्ता किसी भी गैर-कानूनी तरीके को अपनाने या रिश्वत देने के लिए तैयार नहीं था, इसलिए उसने विजिलेंस ब्यूरो रेंज पटियाला से संपर्क किया। उसकी शिकायत पर प्रारंभिक जांच के बाद, विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने आरोपी अधिकारी को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से ₹10,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना पटियाला में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0