व्यापक रूट डायवर्जन, भारी वाहनों पर प्रतिबंध और बस सेवाओं के बदले गए रूट; यात्रियों से पहले से यात्रा की योजना बनाने की अपील
व्यापक रूट डायवर्जन, भारी वाहनों पर प्रतिबंध और बस सेवाओं के बदले गए रूट; यात्रियों से पहले से यात्रा की योजना बनाने की अपील
खबर खास | जालंधर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित जालंधर दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र जालंधर पुलिस कमिश्नरेट और ट्रैफिक पुलिस ने शहर में व्यापक ट्रैफिक प्रबंधन योजना लागू की है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत शहर के विभिन्न हिस्सों और आसपास के जिलों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए गए हैं। कई मुख्य सड़कें आम वाहनों के लिए अस्थायी रूप से प्रतिबंधित रहेंगी, जबकि वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार जीएनए चौक, बीएसएफ चौक, पठानकोट चौक, नकोदर चौक, कपूरथला चौक, रामा मंडी फ्लाईओवर, चुगिट्टी अंडरब्रिज, लम्मा पिंड चौक, वडाला चौक, समरा चौक और अर्बन एस्टेट फेज-2 सहित कई प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए अस्थायी यू-टर्न और वैकल्पिक मार्गों की भी व्यवस्था की गई है।
लुधियाना, मोगा और अन्य जिलों से आने वाले ट्रक, कंटेनर कैरियर और टिप्पर जैसे भारी वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इन वाहनों को जालंधर शहर में प्रवेश से बचाने के लिए फगवाड़ा, नकोदर, कपूरथला, सुभानपुर, होशियारपुर, दसूया और टांडा होकर वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा, ताकि शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने।
पंजाब रोडवेज तथा निजी बस सेवाओं के रूट में भी अस्थायी बदलाव किया गया है। अमृतसर, होशियारपुर, लुधियाना और पठानकोट जाने वाली बसें प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान संशोधित मार्गों से संचालित की जाएंगी।
ट्रैफिक एडीसीपी गुरबाज सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि वे वीवीआईपी रूट पर अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें, अपने गंतव्य के लिए समय से पहले निकलें, ट्रैफिक पुलिस द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0