दिल्ली को मिलेगा नया प्रोफेशनल मंच, छह फ्रेंचाइजी के साथ देशभर के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
दिल्ली को मिलेगा नया प्रोफेशनल मंच, छह फ्रेंचाइजी के साथ देशभर के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
ख़बर ख़ास, खेल :
दिल्ली में वॉलीबॉल को एक नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली वॉलीबॉल एसोसिएशन और दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन के समर्थन से दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग (DPVL) को आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया गया है। यह लीग वर्ष 2026 में पहली बार आयोजित की जाएगी और राजधानी को देश के प्रोफेशनल वॉलीबॉल मैप पर मजबूत पहचान दिलाने का काम करेगी।
पूर्व राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी नीति रावत और जसोदा गुल्लिया ने दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग की औपचारिक घोषणा की। इस मौके पर दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष और वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव कुलदीप वत्स भी मौजूद रहे। उन्होंने लीग को पूरा सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि यह पहल दिल्ली और देश के वॉलीबॉल इकोसिस्टम को मजबूती प्रदान करेगी।
DPVL में कुल छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी, जिनमें दिल्ली के साथ-साथ देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे। खिलाड़ियों का चयन पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष ट्रायल प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा, जो आने वाले महीनों में आयोजित की जाएगी।
कुलदीप वत्स ने कहा, “दिल्ली ने हमेशा बेहतरीन वॉलीबॉल खिलाड़ी दिए हैं। दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग खिलाड़ियों को एक प्रोफेशनल रास्ता देगी और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर खेल को नई मजबूती मिलेगी।” वहीं, दिल्ली वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर वत्स ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे राज्य स्तरीय प्रोफेशनल लीग्स के लिए एक मॉडल बताया।
लीग की दीर्घकालिक सोच पर बात करते हुए सह-संस्थापक जसोदा गुल्लिया ने कहा कि DPVL का लक्ष्य एक ऐसा प्रोफेशनल और पारदर्शी प्लेटफॉर्म बनाना है, जहां खिलाड़ी स्थिरता, पहचान और आर्थिक अवसर हासिल कर सकें। वहीं, नीति रावत ने कहा कि दिल्ली में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस एक निरंतर प्रोफेशनल मंच की जरूरत थी, जिसे DPVL पूरा करेगा।
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली की जूनियर बॉयज और गर्ल्स वॉलीबॉल टीमों को सम्मानित भी किया गया। जूनियर बॉयज टीम के हाल ही में नेशनल चैंपियनशिप में उपविजेता रहने से यह साफ हो गया है कि दिल्ली में प्रतिभा की मजबूत नींव मौजूद है। ऐसे में दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग युवा खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने का एक बड़ा मंच साबित होने जा रही है
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0