20 मिनट में कई धमाकों से मचा हड़कंप, आसमान में छाया धुएं का गुबार; मिसाइल हमले की आशंका के बीच जांच तेज, वीडियो बनाने वालों पर भी कार्रवाई
20 मिनट में कई धमाकों से मचा हड़कंप, आसमान में छाया धुएं का गुबार; मिसाइल हमले की आशंका के बीच जांच तेज, वीडियो बनाने वालों पर भी कार्रवाई
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई स्थित जेबेल अली इंडस्ट्रियल क्षेत्र में हुए कई धमाकों के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रात के आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार उठता दिखाई दे रहा है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, करीब 20 मिनट के भीतर सात धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच यमन की ओर से संयुक्त अरब अमीरात पर मिसाइल हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि विस्फोट किसी हमले का परिणाम थे या फिर किसी औद्योगिक दुर्घटना के कारण हुए। घटना की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, विस्फोटों में किसी के हताहत होने या बड़े पैमाने पर नुकसान की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रिहायशी इलाके के समीप धुएं का घना गुबार साफ दिखाई दे रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। दुबई शहर से लगभग 25 मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित जेबेल अली संयुक्त अरब अमीरात का प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र है। यहां दुनिया के सबसे बड़े मानव निर्मित बंदरगाहों में से एक स्थित है, साथ ही फ्री ट्रेड जोन और 'पाम जेबेल अली' जैसे बड़े विकास परियोजनाएं भी मौजूद हैं। अंतरराष्ट्रीय व्यापार और शिपिंग के लिहाज से यह इलाका बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। क्षेत्रीय तनाव के चलते संयुक्त अरब अमीरात पहले से ही हाई अलर्ट पर था। अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव के दौरान यूएई को उन देशों में माना जाता रहा है, जिन पर ईरान समर्थित समूह जवाबी कार्रवाई कर सकते हैं। ऐसे में दुबई में हुए इन धमाकों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0