12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज कराए जा सकेंगे दावे और आपत्तियां, 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज कराए जा सकेंगे दावे और आपत्तियां, 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
खबर खास | चंडीगढ़
पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) अनिंदिता मित्रा, IAS ने गुरुवार को घोषणा की कि राज्यभर में जल्द ही विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों का उद्देश्य नागरिकों को मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने और चुनाव संबंधी विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाने में सुविधा प्रदान करना है।
यह घोषणा पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) 2027 के तहत प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद की गई। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर को ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल जारी किया गया है।
इस संबंध में अनिंदिता मित्रा ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने प्रतिनिधियों को एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां सौंपीं और मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़े प्रमुख प्रावधानों तथा समयसीमा की जानकारी दी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने, हटवाने या किसी प्रकार का संशोधन करवाने के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू हो गई है, जो 11 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विभिन्न चुनावी सेवाओं के लिए निर्धारित फॉर्म की जानकारी भी दी गई। फॉर्म-6 का इस्तेमाल मतदाता सूची में नया नाम शामिल करवाने, फॉर्म-6A का उपयोग विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण, फॉर्म-7 का नाम हटवाने और फॉर्म-8 का इस्तेमाल मतदाता विवरण में सुधार या निवास स्थान बदलने की स्थिति में किया जाता है।
अनिंदिता मित्रा ने बताया कि वे नागरिक, जो 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे, मतदाता के रूप में पंजीकरण करवाने के पात्र हैं। उन्होंने नागरिकों को उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं की जानकारी देते हुए वोटर्स सर्विस पोर्टल और BLO से कॉल बुक करने की सुविधा का भी उल्लेख किया।
मतदाताओं की सहायता के लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ERO) के कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। नागरिक इन कार्यालयों में जाकर प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं और जरूरी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अलावा, मतदाता पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट www.ceopunjab.gov.in और भारत निर्वाचन आयोग के वोटर्स सर्विस पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से भी अपना नाम और अन्य विवरण जांच सकते हैं।
नए मतदाता के रूप में पंजीकरण करवाने या मतदाता सूची में किसी तरह का संशोधन कराने के इच्छुक पात्र नागरिक निर्धारित अवधि के दौरान संबंधित फॉर्म भरकर अपने दावे और आपत्तियां जमा कर सकते हैं।
किसी भी तरह की सहायता के लिए नागरिक वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ECINET मोबाइल एप के माध्यम से 'Book a Call Request with BLO' सुविधा का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
अनिंदिता मित्रा ने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल होना सुनिश्चित किया जाना चाहिए और कोई भी पात्र नागरिक इससे वंचित नहीं रहना चाहिए।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0