टाइम्स हायर एजुकेशन एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2026 में सीयू पंजाब सहित भारत के 6 केंद्रीय विश्वविद्यालय एशिया के शीर्ष 300 उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल
टाइम्स हायर एजुकेशन एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2026 में सीयू पंजाब सहित भारत के 6 केंद्रीय विश्वविद्यालय एशिया के शीर्ष 300 उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल
खबर खास, बठिंडा:
केंद्रीय पंजाब विश्वविद्यालय (सीयू पंजाब) ने प्रतिष्ठित टाइम्स हायर एजुकेशन (टीएचई) एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2026 में 251–300 रैंक बैंड प्राप्त कर एशियाई शैक्षणिक परिदृश्य में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। सीयू पंजाब सहित भारत के कुल 6 केंद्रीय विश्वविद्यालयों को एशिया के शीर्ष 300 उच्च शिक्षण संस्थानों की सूची में स्थान मिला है। सीयू पंजाब को 40.2–42.7 का समग्र स्कोर प्राप्त हुआ है, साथ ही 69.0 का उल्लेखनीय रिसर्च क्वालिटी स्कोर भी हासिल हुआ है।
उच्च शिक्षण संस्थानों का मूल्यांकन पाँच प्रमुख मानकों—टीचिंग, रिसर्च एनवायरनमेंट, रिसर्च क्वालिटी, इंडस्ट्री और इंटरनेशनल आउटलुक—के आधार पर किया गया, जिन सभी में केंद्रीय पंजाब विश्वविद्यालय ने सराहनीय प्रदर्शन किया है।
विश्वविद्यालय ने टाइम्स हायर एजुकेशन (टीएचई) रैंकिंग्स के पूर्व संस्करणों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ दर्ज की हैं। जनवरी 2026 में जारी टीएचई वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स बाय सब्जेक्ट 2026 में विश्वविद्यालय ने मेडिसिन एंड हेल्थ में 251–300, फिजिकल साइंसेज में 401–500 तथा लाइफ साइंसेज में 601–800 रैंक बैंड प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, नवंबर 2025 में जारी टीएचई वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2026 में विश्वविद्यालय ने वैश्विक स्तर पर 601–800 रैंक बैंड बनाए रखा। राष्ट्रीय स्तर पर भी विश्वविद्यालय ने निरंतर प्रगति करते हुए नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क 2025 में 77वां स्थान प्राप्त किया है तथा अन्य राष्ट्रीय रैंकिंग्स में भी अपनी स्थिति में सुधार किया है।
हाल ही में प्रकाशित टीएचई एशिया रैंकिंग्स 2026 में केंद्रीय पंजाब विश्वविद्यालय सहित भारत के 31 उच्च शिक्षण संस्थानों—जिनमें आईआईटी और एनआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान भी शामिल हैं—को एशिया के शीर्ष 300 संस्थानों में स्थान दिया गया है।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुलपति आचार्य राघवेन्द्र प्रसाद तिवारी ने कहा कि केंद्रीय पंजाब विश्वविद्यालय का टीएचई एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2026 में 205–300 रैंक बैंड में शामिल होना अत्यंत गर्व का विषय है। विश्वविद्यालय के शोध उत्पादन और उद्धरण प्रभाव में निरंतर वृद्धि उसके शोध पारिस्थितिकी तंत्र की गुणवत्ता और मजबूती को दर्शाती है, जिसे इन रैंकिंग्स में मान्यता मिली है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और सभी हितधारकों के सतत प्रयासों का परिणाम है, जो उच्च शिक्षा और शोध में उत्कृष्टता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करती है।
टीएचई एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2026 में पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय का सराहनीय प्रदर्शन उसके बढ़ते शैक्षणिक स्तर, शोध उत्कृष्टता और वैश्विक मंच पर प्रभावशाली एवं उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करने के प्रति समर्पण का प्रमाण है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0