हॉस्टल से विभाग जाते समय हुआ हादसा, कैंपस की बिजली सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर पर उठे गंभीर सवाल
हॉस्टल से विभाग जाते समय हुआ हादसा, कैंपस की बिजली सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर पर उठे गंभीर सवाल
खबर खास | चंडीगढ़
पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) कैंपस में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। माइक्रोबायोलॉजी विभाग की एक पीएचडी स्कॉलर छात्रा की कथित तौर पर करंट लगने से मौत हो गई। मृतक छात्रा की पहचान ज्योति के रूप में हुई है, जो हरियाणा के रेवाड़ी जिले की रहने वाली थी। इस दुखद घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि कैंपस में बिजली सुरक्षा व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, ज्योति मंगलवार को गर्ल्स हॉस्टल नंबर 10 से माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि वह गर्ल्स हॉस्टल नंबर 8 और यूआईईटी (UIET) को जोड़ने वाली कच्ची सड़क से पैदल गुजर रही थी। इसी दौरान रास्ते के पास मौजूद बिजली की तार के संपर्क में आने से उसे अचानक करंट लग गया।
करंट लगने के बाद ज्योति गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उसे सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH-16) पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे से जुड़े परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बिजली की तार किस स्थिति में थी और घटना के समय सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही या तकनीकी खामी तो नहीं थी।
इस हादसे के बाद छात्रों में गहरा दुख और आक्रोश है। छात्र संगठनों और विद्यार्थियों ने कैंपस की बिजली व्यवस्था, खुले या असुरक्षित तारों तथा अन्य बुनियादी ढांचे की व्यापक जांच की मांग उठाई है। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन को सभी हॉस्टल, पैदल मार्गों और शैक्षणिक विभागों के आसपास बिजली सुरक्षा व्यवस्था का तत्काल निरीक्षण कराना चाहिए।
फिलहाल पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण और किसी संभावित लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0