समानता और सामाजिक न्याय का संदेश फैलाने के लिए युवाओं को आगे आने का आह्वान, मनीष सिसोदिया रहे मुख्य अतिथि
समानता और सामाजिक न्याय का संदेश फैलाने के लिए युवाओं को आगे आने का आह्वान, मनीष सिसोदिया रहे मुख्य अतिथि
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित राज्यभर में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत सोमवार को सीटी यूनिवर्सिटी में एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार का उद्देश्य युवाओं को गुरु रविदास जी की शिक्षाओं—समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय—से जोड़ना और उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अपने संबोधन में युवाओं को गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज भी समाज में आर्थिक और सामाजिक असमानता गहराई से मौजूद है, जिसे खत्म करने के लिए युवा पीढ़ी को नेतृत्व संभालना होगा। सिसोदिया ने आर्थिक विषमता का उदाहरण देते हुए कहा कि देश की बड़ी आबादी सीमित संसाधनों में जीवन यापन कर रही है, जबकि संपत्ति का बड़ा हिस्सा कुछ ही लोगों के पास केंद्रित है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए इसे युवाओं के उज्जवल भविष्य की कुंजी बताया।
इस मौके पर पंजाब सरकार की पहलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार गुरु रविदास जी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में पूरे वर्ष विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं के लिए एक मिस्ड कॉल अभियान (9090029090) की शुरुआत भी की, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम से जुड़ सकें।
कार्यक्रम में पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री के सलाहकार दीपक बाली ने भी संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे सेमिनार युवाओं को अपने इतिहास और महान संतों की विचारधारा से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के जरिए समाज में व्याप्त भेदभाव और असमानता को समझने और उसे दूर करने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर संत केवल सिंह (खुरालगढ़ साहिब) ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए गुरु रविदास जी के बताए रास्ते पर चलने का संदेश दिया। कार्यक्रम में सीटी यूनिवर्सिटी के पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0