15 सरकारी सहायता प्राप्त वृद्धाश्रमों को वित्तीय सहायता; बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए एल्डर हेल्पलाइन 14567 बनी सहारा
15 सरकारी सहायता प्राप्त वृद्धाश्रमों को वित्तीय सहायता; बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए एल्डर हेल्पलाइन 14567 बनी सहारा
ख़बर ख़ास | पंजाब
पंजाब सरकार ने राज्य के बुजुर्गों के कल्याण, सुरक्षा और सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार बुजुर्गों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव तथा योगदान का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बुजुर्ग स्वयं को अकेला या असहाय महसूस न करे तथा उन्हें हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध हो सके।
मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार और गैर-सरकारी संगठनों के सहयोग से संचालित 15 सरकारी सहायता प्राप्त वृद्धाश्रमों के सुचारू संचालन के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 4.10 करोड़ रुपये की अनुदान राशि जारी की गई है। इस राशि का उपयोग वृद्धाश्रमों में रहने वाले बुजुर्गों को बेहतर आवास, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राज्यभर में कुल 26 वृद्धाश्रम पंजीकृत हैं, जो जरूरतमंद बुजुर्गों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार इन संस्थानों को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में भी कार्य कर रही है।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि बुजुर्गों के साथ किसी भी प्रकार की उपेक्षा, दुर्व्यवहार या शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों की शिकायत दर्ज कराने और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए एल्डर हेल्पलाइन नंबर 14567 संचालित किया जा रहा है। इस हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति इस बात से आंकी जाती है कि वह अपने बुजुर्गों को कितना सम्मान, सुरक्षा और सहारा देता है। पंजाब सरकार बुजुर्गों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस दिशा में प्रभावी कदम उठाती रहेगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0