पहले चरण की समीक्षा बैठक में मनजीत सिंह बराड़ ने दिए सख्त निर्देश, 100% लक्ष्य समय पर पूरा करने पर जोर
पहले चरण की समीक्षा बैठक में मनजीत सिंह बराड़ ने दिए सख्त निर्देश, 100% लक्ष्य समय पर पूरा करने पर जोर
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
पंजाब सरकार ने जनगणना-2027 के पहले चरण यानी हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग ऑपरेशन्स को लेकर प्रशासनिक स्तर पर पूरी मशीनरी को सक्रिय कर दिया है। इसी कड़ी में राज्य के 11 जिलों और 7 नगर निगमों ने फील्ड स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए तय समयसीमा के भीतर डेटा संग्रह और निगरानी कार्य में तेजी दिखाई है। स्थानीय निकाय विभाग के प्रशासनिक सचिव मनजीत सिंह बराड़ ने जनगणना ऑपरेशन्स के निदेशक डॉ. नवजोत खोसा और स्थानीय सरकारों के निदेशक कुलवंत सिंह की मौजूदगी में सभी प्रमुख जनगणना अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की और पूरे चरण की प्रगति का विस्तृत आकलन किया।
बैठक में सामने आया कि बरनाला, मोगा, मालेरकोटला, फाजिल्का, लुधियाना, संगरूर, श्री मुक्तसर साहिब, तरनतारन, रूपनगर, मानसा और होशियारपुर जैसे जिलों ने मजबूत फील्ड मॉनिटरिंग और बेहतर समन्वय के चलते उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वहीं नगर निगमों में बरनाला, अबोहर, मोगा, बटाला, होशियारपुर, फगवाड़ा और कपूरथला ने भी तेजी से कार्य करते हुए प्रगति को मजबूत किया है। मनजीत सिंह बराड़ ने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और पीछे चल रहे जिलों को तुरंत गति बढ़ाकर 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 40 से 70 प्रतिशत कार्य की निगरानी अवधि 30 मई 2026 तय की गई है, जबकि पूरा चरण जून 2026 के दूसरे सप्ताह से पहले पूरा करना अनिवार्य होगा, क्योंकि यह चरण 13 जून तक समाप्त हो जाएगा। सभी डिप्टी कमिश्नर और नगर निगम आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स की शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बराड़ ने यह भी जोर दिया कि डेटा की गुणवत्ता और शुद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों को अचानक फील्ड निरीक्षण करने होंगे ताकि वास्तविक स्थिति की निगरानी हो सके।
उन्होंने कहा कि फील्ड स्टाफ कठिन मौसम परिस्थितियों में काम कर रहा है, इसलिए हीटवेव एडवाइजरी का सख्ती से पालन और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है। सरकार का लक्ष्य है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सटीक और समयबद्ध तरीके से पूरी हो, जिससे जनगणना-2027 का पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0