हिमाचल प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर आज बिलासपुर के लुहणू मैदान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी भाग सिंह, सहज राम और नरोत्तम शास्त्री की पत्नी प्रेमी देवी को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा सरकार के दो वर्ष उपलब्धियों से परिपूर्ण
प्रदेश सरकार ने समाज के हर वर्ग का समान विकास किया सुनिश्चितः राजीव शुक्ला
खबर खास, शिमला :
हिमाचल प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर आज बिलासपुर के लुहणू मैदान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी भाग सिंह, सहज राम और नरोत्तम शास्त्री की पत्नी प्रेमी देवी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास संकलन का विमोचन भी किया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और राहुल गांधी के दिखाए रास्ते पर आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार प्रदेश के संसाधनों से समाज के सभी वर्गों का समान विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश की संपदा को लुटने नहीं देंगे और समाज के सभी वर्गों का समावेशी विकास सुनिश्चित करेंगे। विकास का यह पथ राहुल गांधी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप है और हम इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
सुक्खू ने कहा कि दो साल पहले हिमाचल में प्रदेश की जनता के आशीर्वाद और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राजीव शुक्ला के दृढ़ प्रयासों से कांग्रेस सरकार बनी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने चालीस वर्षों तक जीवन में संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें हमेशा महत्त्वपूर्ण पद दिए और 11 दिसंबर को एक किसान और कर्मचारी केे बेटे ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह दो साल का कोई जश्न नहीं है, बल्कि समारोह है। जश्न 2027 में हिमाचल प्रदेश के आत्मनिर्भर बनने पर मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के दबाव के बावजूद 1.36 लाख कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया। पिछले वर्ष बरसात के दौरान हिमाचल प्रदेश की जनता ने विनाशकारी आपदा का सामना किया। लेकिन हमने 75 हजार पर्यटकों को सुरक्षित निकाला और प्रभावित परिवारों को 4500 करोड़ रुपए का विशेष राहत पैकेज दिया।
भाजपा के धनबल के बल पर सत्ता पाने के सपने हुए चूर-चूर
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने विधानसभा में कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भगवान भी नहीं बचा सकते, लेकिन प्रदेश की जनता और देवी देवताओं के आशीर्वाद से सरकार को उपचुनावों में भारी बहुमत मिला और नेता प्रतिपक्ष के धनबल के प्रयोग से सत्ता पाने के सपने चूर-चूर हो गए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव-2024 में कांग्रेस पार्टी का वोट प्रतिशत 14 प्रतिशत बढ़ा है।
अपने पांच साल के कार्यकाल में जयराम ने नहीं किए कोई सकारात्मक प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के पिछले पांच वर्ष के कार्यकाल में जय राम ठाकुर ने कोई सकारात्मक प्रयास नहीं किए और उनकी नाक के नीचे पुलिस भर्ती पेपर लीक हुआ, अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग में नौकरियां बिकती रहीं, कोरोना में पीपीई किट घोटाला हुआ। उद्योग विभाग की जमीन एक रुपए प्रति मीटर की दर से बेच दी लेकिन उन्होंने भ्रष्टाचार के चोर दरवाजों को बंद नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज हमें भाजपा के झूठ का सामना डटकर करना होगा क्योंकि अंत में जीत सत्य की होती है। उन्होंने कहा कि मुझे जगत प्रकाश नड्डा जी के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की प्रसन्नता है लेकिन वह झूठ बोलकर हिमाचल प्रदेश को बदनाम कर रहे हैं।
पांच गुटों में बंटी है भाजपा
उन्होंने कहा कि भाजपा आज पांच गुटों में बंटी है। हर जगह पर अपनी-अपनी रैली करने में लगे हैं। यह प्रदर्शन सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि अपनी कुर्सी बचाओ आंदोलन है। भाजपा को जनता की कोई सुध नहीं है। विधायकों के दल बदलने के मामले पर उन्होेंने कहा कि अच्छा हुआ, कांग्रेस की गंदगी साफ हो गई और हम फिर से 40 हो गए। उन्होंने कहा जय राम ठाकुर अपनी कुर्सी की चिंता करें क्योंकि ऐसा न हो कि भाजपा 28 से कम होकर 20 हो जाए क्योंकि भाजपा के कुछ विधायक कांग्रेस के संपर्क में है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवी-देवताओं की भूमि है। अगर भाजपा हिंदू हितैषी है तो हिन्दुओं को बांग्लादेश में क्यों नहीं बचा पा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मनरेगा और सूचना का अधिकार जैसे महत्त्वपूर्ण कानून बनाने सहित किसानों का कर्जा भी माफ किया। भाजपा नेता सिर्फ योजनाओं का श्रेय लेने में लगे हैं और सत्ता के नाम पर धमकाया जा रहा है।
राजीव शुक्ला ने कहा कि जय राम ठाकुर सत्ता पाने के लिए छटपटा रहे हैं।
जयराम और भाजपा में दम नहीं, जो सरकार गिरा सके :अग्निहोत्री
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में भाजपा द्वारा सरकार गिराने की कोशिशें निरंतर की जाती रहीं। भाजपा के नेता सिर्फ यही कहते रहे कि सरकार गिर रही है, लेकिन हम जानते हैं कि जय राम ठाकुर और भाजपा के नेता में दम नहीं है। उन्होंने कहा कि हम 40 थे और 40 हैं। भाजपा सरकार गिराने के सपने देखना बंद करे क्योंकि अब भाजपा की हिमाचल प्रदेश में कभी भी सरकार नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को कांग्रेस हाईकमान का आशीर्वाद प्राप्त है। प्रियंका गांधी का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हीं के प्रयासों से हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनी है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भाजपा के विरोध के बावजूद भारी जनसमर्थन से संसद पहुंचे हैं।
Comments 0