हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केन्द्र सरकार ने कुरुक्षेत्र बाईपास के निर्माण के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की है, जिसका निर्माण जल्द ही शुरू किया जाएगा। इस बाईपास के निर्माण से न केवल कुरुक्षेत्र निवासियों को बल्कि आस-पास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा, जिससे इस पवित्र भूमि में बेहतर कनेक्टिविटी और बेहतर बुनियादी ढांचा सुनिश्चित होगा।
कहा, कुरुक्षेत्र बाईपास के लिए केन्द्र सरकार ने सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केन्द्र सरकार ने कुरुक्षेत्र बाईपास के निर्माण के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की है, जिसका निर्माण जल्द ही शुरू किया जाएगा। इस बाईपास के निर्माण से न केवल कुरुक्षेत्र निवासियों को बल्कि आस-पास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा, जिससे इस पवित्र भूमि में बेहतर कनेक्टिविटी और बेहतर बुनियादी ढांचा सुनिश्चित होगा।
मुख्यमंत्री आज कुरुक्षेत्र में चल रहे अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान 48 कोस तीर्थ सम्मेलन में तीर्थ स्थलों के प्रमुख जनों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, तंजानिया की पर्यटन मंत्री श्रीमती पिंडी चाना, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने 48 कोस परिक्रमा के सभी तीर्थ स्थलों के प्रमुख जनों से आग्रह करते हुए कहा कि वे आगे आएं और कुरुक्षेत्र को देश का सबसे स्वच्छ स्थान बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि अगर हम सब मिलकर इस कार्य में सहयोग करें तो 48 कोस में फैला यह धार्मिक क्षेत्र निःसंदेह पूरे देश में स्वच्छता के मामले में अग्रणी बन सकता है।
हरियाणा में ब्रज की 84 कोस यात्रा की तर्ज पर 48 कोस यात्रा शुरू की जाएगी
सैनी ने कहा कि ब्रज की 84 कोस यात्रा की तर्ज पर 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि पर स्थित तीर्थों की यात्रा भी शुरू की जाएगी। इसके अलावा कुरुक्षेत्र को भगवान श्री कृष्ण की नगरी मथुरा और पवित्र नगरी हरिद्वार से जोड़ने के लिए रेल सेवा भी शुरू की जाएगी। श्री कृष्ण सर्किट योजना के तहत महाभारत युद्ध से संबंधित 134 स्थलों को लगभग 175 करोड़ रुपये के अनुमानित लागत से पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। गीता स्थली, ज्योतिसर में 205 करोड़ रुपये के निवेश से महाभारत थीम पर आधारित ज्योतिसर अनुभव केंद्र का निर्माण भी किया जा रहा है। इस अनुभव केंद्र का हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली उद्घाटन किया था।
सैनी ने कहा कि हमें गीता के कर्म योग को अपने जीवन में उतारने वाले कर्मयोगी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों का उद्देश्य सिर्फ नीति निर्माण करना नहीं है, बल्कि लाखों किसानों, महिलाओं और वंचितों के जीवन में बदलाव लाना है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि कैसे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कुरुक्षेत्र सफल अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का गवाह बना है, जिसमें गीता की वाणी पूरे हरियाणा में गूंज रही है, जिससे राज्य वैश्विक मंच पर पहुंच गया है
उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र में आस्था के अनेक केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। देश के सुदूर क्षेत्रों के मंदिर अब कुरुक्षेत्र में देखने को मिलते हैं। उत्तर भारत का श्री तिरुपति बालाजी मंदिर यहां बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, जीओ गीता संस्थान, अक्षरधाम मंदिर, इस्कॉन मंदिर तथा ज्ञान मंदिर भी निर्माणाधीन हैं।
मुख्यमंत्री ने 48 कोस तीर्थ पुस्तक, तीर्थ क्यूआर कोड और कुरुक्षेत्र टूर गाइड के प्रथम और द्वितीय संस्करण का भी विमोचन किया।
Comments 0