पीएमईजीपी के तहत 457 इकाइयाँ स्थापित, 5,000 से अधिक युवाओं को रोजगार — गगनदीप आहलूवालिया
पीएमईजीपी के तहत 457 इकाइयाँ स्थापित, 5,000 से अधिक युवाओं को रोजगार — गगनदीप आहलूवालिया
खबर खास, चंडीगढ़ :
पंजाब खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन गगनदीप सिंह काकू आहलूवालिया ने आज चंडीगढ़ स्थित बोर्ड के कार्यालय में वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
आहलूवालिया ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की प्रगति के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पंजाब स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में खादी और ग्रामोद्योग क्षेत्र ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि बोर्ड की योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर भी प्रदान किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान बोर्ड द्वारा पीएमईजीपी योजना के तहत 457 इकाइयाँ स्थापित की गईं, जिससे 5,027 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया। इन इकाइयों के लाभार्थियों को कुल 32 करोड़ 77 लाख 85 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई।इनमें से लगभग 100 इकाइयाँ 1 लाख से 10 लाख रुपये तक की लागत वाली हैं, 204 इकाइयाँ 10 लाख से 24 लाख रुपये तक की लागत वाली हैं, जबकि 153 इकाइयाँ 25 लाख रुपये से 1 करोड़ रुपये तक की लागत वाली स्थापित की गई हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए भरपूर प्रयास किए जाएं और बोर्ड की सभी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि इन योजनाओं का लाभ हर जिले और गांव तक पहुंच सके और अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को फायदा मिल सके।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0