हरियाणा-पंजाब के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में आज, सोमवार को किसानों ने पंजाब बंद का आह्वान किया है। किसानों ने पंजाब के सभी नेशनल हाईवे और रेलवे ट्रैक बंद कर रखे हैं। किसान सुबह 7 बजे से 140 जगहों पर हाईवे और रेलवे ट्रैक के ऊपर बैठे हैं। जिससे अमृतसर-जालंधर-पानीपत-दिल्ली और अमृतसर-जम्मू पर ट्रैफिक पूरी तरह से बंद है।
खबर खास, चंडीगढ़ :

किसानों के बंद के आह्वान के चलते रेलवे ने वंदे भारत समेत 163 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। पुणे से जम्मू तवी जा रही झेलम एक्सप्रेस जालंधर कैंट स्टेशन पर रोक दी। इसके अलावा पंजाब के आठ राज्यों के लिए चलने वाली बसें भी बंद हैं। हरियाणा और हिमाचल समेत दूसरे राज्यों की बसें भी पंजाब में नहीं आ रहीं हैं। ट्रेन और बस न चलने के चलते यात्री खासे परेशान हैं।
वहीं, किसान आंदोलन के समर्थन में गैस और पेट्रोल पंप के अलावा बाजार भी बंद किए गए हैं। हालांकि बंद के दौरान किसानों की पुलिस और लोगों के साथ बहस के भी कुछ मामले सामने आए। इनमें जालंधर में किसानों और पुलिस में नोकझोंक हुई। वहीं लुधियाना में बस्ती जोधेवाल चौक और खन्ना में जाम लगाने को लेकर किसानों और लोगों के बीच बहस हुई।
लाडोवाल टोल प्लाजा पर एक व्यक्ति ने जाम लगा रहे किसान पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। उसने कहा कि गलती से ऐसा हुआ। जालंधर में बारात किसानों के जाम में फंस गई। इनमें दूल्हे की कार भी थी। हालांकि दूल्हे ने बाहर निकालकर किसान यूनियन का झंडा पकड़ा और किसानों की जिंदाबाद के नारे लगाए। फिर वह बारात लेकर आगे चला गया।जाम के दौरान एंबुलेंस आने पर किसान खुद उसके लिए रास्ता बनाकर आगे रवाना कर रहे हैं। वहीं पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ समेत सभी यूनिवर्सिटी ने आज होने वाले एग्जाम स्थगित कर दिए थे। किसान शाम 4 बजे हाईवे और रेलवे ट्रैकों से उठेंगे।
Comments 0