मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को तय समय में काम पूरा करने के दिए निर्देश, गुरुग्राम ग्लोबल सिटी से लेकर बिजली परियोजनाओं की प्रगति का लिया जायजा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को तय समय में काम पूरा करने के दिए निर्देश, गुरुग्राम ग्लोबल सिटी से लेकर बिजली परियोजनाओं की प्रगति का लिया जायजा
खबर खास | चंडीगढ़
हरियाणा में विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं के निर्माण में अनावश्यक देरी और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। काम में देरी करने वाले ठेकेदारों पर नियमों के अनुसार जुर्माना लगाया जाएगा। बार-बार लापरवाही करने और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले ठेकेदारों को भविष्य में नए काम भी नहीं दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ में आयोजित राज्य प्रगति पोर्टल (एसपीपी) की 14वीं उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में राज्य में 75 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली प्रमुख बुनियादी ढांचा और ऊर्जा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम करने और परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।
बैठक में गुरुग्राम ग्लोबल सिटी परियोजना के पहले चरण की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि काम सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है। परियोजना को पटौदी रोड और सेंट्रल पेरीफेरल रोड से जोड़ने वाली सड़कों के टेंडर और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। कुरुक्षेत्र में श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि टेंडर जारी होने के बाद ठेकेदार के साथ समझौता भी हो चुका है।
सोहना में ईएमसी परियोजना का 77 प्रतिशत और आईएमटी परियोजना का 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वहीं, बिजली वितरण व्यवस्था सुधारने के लिए आरडीएसएस के तहत सोहना में 93 प्रतिशत कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई। करनाल और पंचकूला में भी ट्रांसफार्मर, बिजली लाइनों और वितरण नेटवर्क को मजबूत करने के काम की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने आईएमटी खरखौदा और हिसार के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की प्रगति भी जानी। हिसार परियोजना के लिए पर्यावरण मंजूरी मिल चुकी है और वित्तीय निविदाओं का मूल्यांकन जारी है। इस क्लस्टर से विमानन और रक्षा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और औद्योगिक विकास को गति देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने नियमित निगरानी, समयबद्ध निर्माण और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0