83 फीसदी शानदार रिजल्ट से पंजाब का बढ़ा मान, अब SSB इंटरव्यू में दिखाएंगे दम
83 फीसदी शानदार रिजल्ट से पंजाब का बढ़ा मान, अब SSB इंटरव्यू में दिखाएंगे दम
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
मोहाली स्थित महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट (एम आर एस एएफ पी आई) ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता साबित करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के 30 में से 25 कैडेट्स ने प्रतिष्ठित नेशनल डिफेंस अकादमी (NDA) के 157वें कोर्स के लिए आयोजित NDA-1 लिखित परीक्षा सफलतापूर्वक पास कर ली है। यूपीएससी द्वारा घोषित परिणामों में संस्थान ने 83 फीसदी की शानदार सफलता दर दर्ज की, जिसे अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जा रहा है। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद संस्थान में खुशी और उत्साह का माहौल है।
अब ये 25 कैडेट्स सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (SSB) इंटरव्यू में हिस्सा लेंगे, जो NDA में अंतिम चयन की सबसे अहम और कठिन प्रक्रिया मानी जाती है। संस्थान के शानदार परिणाम ने यह साबित कर दिया है कि पंजाब के युवा देश सेवा के लिए पूरी मेहनत और जुनून के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने इस उपलब्धि पर कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि इन युवाओं ने पंजाब का नाम पूरे देश में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर इन कैडेट्स ने यह सफलता हासिल की है। मंत्री ने सभी सफल उम्मीदवारों को आगामी SSB इंटरव्यू और सैन्य प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
वहीं, संस्थान के निदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अजय एच चौहान, वीएसएम ने भी कैडेट्स की मेहनत और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि UPSC की लिखित परीक्षा पास करना बड़ी उपलब्धि है, लेकिन SSB इंटरव्यू असली चुनौती होती है। उन्होंने कैडेट्स को आत्मविश्वास, ईमानदारी और मानसिक मजबूती के साथ तैयारी करने की सलाह दी। साथ ही संस्थान के फैकल्टी सदस्यों की मेहनत की भी प्रशंसा की, जिन्होंने लगातार मार्गदर्शन देकर यह परिणाम संभव बनाया।
संस्थान प्रबंधन के अनुसार, 25 कैडेट्स अब NDA, TES (टेक्निकल एंट्री स्कीम) और CDS कोर्सों में शामिल होने के लिए कॉल लेटर का इंतजार कर रहे हैं, जिनकी ट्रेनिंग जून से शुरू होने की संभावना है। (एम आर एस एएफ पी) आई का यह शानदार प्रदर्शन न केवल संस्थान के लिए गर्व की बात है, बल्कि पंजाब के युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनकर सामने आया है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0