कृषि मंत्री ने अधिकारियों को गेहूं की सुचारू और निर्विघ्न खरीद सुनिश्चित बनाने के दिए निर्देश
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को गेहूं की सुचारू और निर्विघ्न खरीद सुनिश्चित बनाने के दिए निर्देश
खबर खास, चंडीगढ़ :
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां और जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल के साथ बैठक के बाद पंजाब के आढ़तियों ने आज, बुधवार को, एक हफ्ते से चल रही हड़ताल वापस ले ली है। हड़ताल वापस होने से राज्य की मंडियों में गेहूं की फसल की निर्विघ्न खरीद फिर शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
खुड्डियां और गोयल ने फेडरेशन ऑफ आढ़तिया एसोसिएशन ऑफ पंजाब के अध्यक्ष विजय कालड़ा की अगुवाई वाले आढ़तियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ उनकी विभिन्न मांगों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। सरकार द्वारा आढ़तियों के जायज मुद्दों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और समाधान करने के आश्वासन के बाद फेडरेशन ने तुरंत हड़ताल वापस लेने का ऐलान किया।
खुड्डियां ने कहा, “मौसम की खराबी ने हमारे किसानों को बहुत प्रभावित किया है। इसमें कोई शक नहीं है कि चाहे सरकार हो, आढ़ती हो या कोई अन्य साथी, हम सब किसानों के कारण ही रहते हैं। प्राकृतिक आपदाओं से कोई अकेला नहीं निपट सकता, इसलिए ऐसे समय में हमें एकजुट होकर एक-दूसरे का साथ देना चाहिए।”
उन्होंने आढ़तियों को भरोसा दिलाया कि उनके दरवाजे बातचीत के लिए हमेशा खुले हैं। उन्होंने आगे कहा, “यह जरूरी नहीं है कि हम हमेशा मुद्दों को हल करने के लिए कोई बड़ी औपचारिक बैठक करें। छोटी लेकिन सौहार्दपूर्ण बातचीत भी बड़ी समस्याओं का समाधान कर सकती है। यदि किसी आढ़ती या किसान को कोई परेशानी आए तो मुझे बताएं। हम साथ बैठकर समाधान निकालेंगे।”
पंजाब सरकार की सक्रिय पहल का स्वागत करते हुए विजय कालड़ा ने कहा कि हम एक परिवार हैं। परिवार में बातचीत के माध्यम से मुद्दों का समाधान किया जाता है और किसान हमारी प्रमुख प्राथमिकता हैं तथा हमेशा रहेंगे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0