स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान मुख्यमंत्री ने दी सौगात, कंगना बोलीं— अब हर नागरिक तक पहुंचेगी फिल्म
स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान मुख्यमंत्री ने दी सौगात, कंगना बोलीं— अब हर नागरिक तक पहुंचेगी फिल्म
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को हरियाणा सरकार ने बड़ी राहत देते हुए राज्य में टैक्स-फ्री घोषित कर दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को चंडीगढ़ में आयोजित फिल्म की एक विशेष स्क्रीनिंग के दौरान यह महत्वपूर्ण घोषणा की। इससे पहले फिल्म को दिल्ली में भी टैक्स-फ्री किया जा चुका है, जिसके बाद अब हरियाणा में भी दर्शकों को फिल्म देखने के लिए कम कीमत चुकानी पड़ेगी।
चंडीगढ़ में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अभिनेत्री कंगना रनौत के साथ फिल्म देखी। इस अवसर पर उनकी पत्नी सुमन सैनी, राज्य सरकार के कई कैबिनेट मंत्री, सांसद और विधायक भी मौजूद रहे। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म देशभक्ति और सकारात्मक संदेश देने वाली है, इसलिए इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सरकार ने इसे टैक्स-फ्री करने का फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद कंगना रनौत ने हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इस फैसले से फिल्म को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। कंगना ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार सराहनीय कार्य कर रहे हैं और अब फिल्म को टैक्स-फ्री कर उन्होंने कलाकारों और फिल्म उद्योग को भी प्रोत्साहन दिया है।
कंगना ने विश्वास जताया कि इस निर्णय से हरियाणा के अधिक से अधिक लोग फिल्म को देख सकेंगे और इसके संदेश से जुड़ पाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी फिल्म का वास्तविक उद्देश्य समाज तक अपनी बात पहुंचाना होता है और सरकार का यह कदम उस दिशा में बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले दिल्ली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कंगना रनौत की मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच फिल्म सहित विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर चर्चा हुई थी। अब हरियाणा में फिल्म को टैक्स-फ्री किए जाने के बाद ‘भारत भाग्य विधाता’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह और भी बढ़ गया है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0