हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सतनाल (महेंद्रगढ़) के नायब तहसीलदार रघुबीर सिंह और कादीपुर (गुरुग्राम) के नायब तहसीलदार अमित कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। यह कदम जनता की शिकायतों और आधिकारिक जांच रिपोर्टों के आधार पर उठाया गया है।
खबर खास, चंडीगढ़ :

विपुल गोयल ने गुरुग्राम के उपायुक्त को अमित कुमार यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश भी दिए हैं। निलंबन के दौरान दोनों तहसीलदारों को अपने-अपने मुख्यालय—रघुबीर सिंह को नारनौल और अमित कुमार यादव को चंडीगढ़ में रोजाना रिपोर्ट करने को कहा गया है। जांच के प्रथम छह महीनों के दौरान दोनों को केवल गुजारा भत्ता दिया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, "सरकार जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करें।"
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पारदर्शी और उत्तरदायी प्रशासन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है, सरकार एक पारदर्शी और सुशासन प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
लापरवाही के खिलाफ सख्त चेतावनी
विपुल गोयल ने सोमवार को ही विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर गिरदावरी और फसल क्षति मुआवजे के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि जनता के कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए।
आगे की जांच और कार्रवाई
दोनों निलंबित तहसीलदारों के खिलाफ विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। विपुल गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments 0