UWW रैंकिंग सीरीज के पहले दिन भारत की शानदार शुरुआत, 41 सदस्यीय दल ले रहा हिस्सा
UWW रैंकिंग सीरीज के पहले दिन भारत की शानदार शुरुआत, 41 सदस्यीय दल ले रहा हिस्सा
ख़बर ख़ास, खेल :
क्रोएशिया की राजधानी जाग्रेब में आयोजित जाग्रेब ओपन रेसलिंग 2026 में हरियाणा के पहलवानों ने पहले ही दिन भारत का परचम लहरा दिया। यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) रैंकिंग सीरीज के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हरियाणा के सुजीत कलकल ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार शुरुआत की, जबकि ओलिंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट अमन सहरावत ने रजत पदक अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता 4 से 8 फरवरी तक चलेगी, जिसमें दुनिया के कई शीर्ष पहलवान हिस्सा ले रहे हैं।
भारत इस टूर्नामेंट में 41 सदस्यीय मजबूत दल के साथ उतरा है। पहले ही दिन भारतीय पहलवानों का प्रदर्शन उत्साहजनक रहा। 65 किग्रा भार वर्ग में मुकाबला कर रहे सुजीत कलकल ने अपने दमदार दांव-पेच और आक्रामक खेल से सभी प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए गोल्ड मेडल जीता। उनकी इस जीत ने भारत को रैंकिंग सीरीज में अहम अंक भी दिलाए हैं।
वहीं 61 किग्रा भार वर्ग में ओलिंपिक मेडलिस्ट अमन सहरावत ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। फाइनल मुकाबले में कड़ी टक्कर देखने को मिली, जहां अमन आखिरी क्षणों तक जूझते नजर आए। भले ही वह स्वर्ण पदक से चूक गए, लेकिन रजत पदक के साथ उन्होंने एक बार फिर अपनी निरंतरता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत दावेदारी साबित की।
गौरतलब है कि अमन सहरावत ने पेरिस ओलिंपिक में भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रचा था। इसके अलावा हाल ही में नोएडा में आयोजित प्रो रेसलिंग लीग (PWL) में भी वह मुंबई टाइगर्स टीम की ओर से खेलते नजर आए थे, जहां उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा। दूसरी ओर, सुजीत कलकल अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता रह चुके हैं और उन्हें भी PWL में दिल्ली टीम से खेलने का अवसर मिला था।
जाग्रेब ओपन में हरियाणा के इन दोनों पहलवानों की सफलता ने न केवल राज्य बल्कि पूरे देश को गर्व महसूस कराया है। टूर्नामेंट के आगामी दिनों में भी भारतीय पहलवानों से ऐसे ही दमदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0