मानसून से पहले जल निकासी और ड्रेनों की सफाई के कार्य तेज करने के निर्देश, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
मानसून से पहले जल निकासी और ड्रेनों की सफाई के कार्य तेज करने के निर्देश, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
खबर खास | चंडीगढ़
हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ड्रेनों की सफाई, नदियों की डी-सिल्टिंग और अल्पकालिक बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी लंबित कार्य 15 जून तक हर हाल में पूरे किए जाएं, ताकि मानसून के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ये निर्देश उन्होंने हरियाणा स्टेट ड्रॉट रिलीफ एंड फ्लड कंट्रोल बोर्ड (HSDR & FCB) की 57वीं बैठक के दौरान दिए, जिसमें राज्यभर में चल रहे बाढ़ नियंत्रण और जल निकासी कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन कार्यों की शुरुआत अभी तक नहीं हुई है, उन्हें युद्ध स्तर पर तुरंत शुरू किया जाए ताकि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी हो सकें। उन्होंने कहा कि इन कार्यों की अंतिम समीक्षा स्वयं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कहा कि यदि कार्यों में देरी या गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी पाई गई तो संबंधित मुख्य अभियंता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ नियंत्रण उपायों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में जल निकासी के लिए आवश्यक पंप और पाइपों की खरीद प्रक्रिया समय रहते पूरी करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही 56वीं बैठक में लिए गए निर्णयों और कार्यों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि सभी लंबित कार्य बिना देरी के पूरे किए जाएं। उन्होंने ठेकेदारों को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जो ठेकेदार तय समय पर कार्य पूरा नहीं कर रहे हैं, उन्हें तुरंत ब्लैकलिस्ट किया जाए ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों।
बैठक में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0