इनमें से एक बीते वर्ष 2025 के अबोहर स्थित शोरूम मालिक के कत्ल केस में शामिल था: डीजीपी
इनमें से एक बीते वर्ष 2025 के अबोहर स्थित शोरूम मालिक के कत्ल केस में शामिल था: डीजीपी
खबर खास, चंडीगढ़ :
एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब ने जिला एस.ए.एस. नगर पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में चार मुलजिमों को दो विदेशी .30 बोर पिस्तौलों और आठ जिंदा कारतूसों समेत गिरफ्तार करके विदेशी गैंगस्टरों द्वारा चलाए जा रहे एक गैंगस्टर मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटियाला के गांव उगाना निवासी अरमान सिंह, पटियाला के गांव नलास खुर्द निवासी चिराग, राजपुरा, पटियाला के गांव नलास कलां निवासी रविंदर सिंह उर्फ राहुल और पटियाला के गांव धमोली निवासी अक्षय उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने मुलजिमों से पिस्तौल बरामद करने के अलावा उनकी सेडान होंडा अमेज कार भी बरामद कर ली है, जिसमें वे यात्रा कर रहे थे।
डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार किए गए मुलजिमों में से अक्षय उर्फ प्रिंस नामक व्यक्ति जुलाई 2025 में अबोहर में ‘वीयर वेल’ शोरूम मालिक के कत्ल केस में शामिल था। उन्होंने बताया कि उक्त मुलजिम ने मुख्य हमलावरों को लॉजिस्टिकल सहायता प्रदान की थी। उन्होंने कहा कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है।
कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताते हुए एडीजीपी एजीटीएफ प्रमोद बान ने कहा कि एसएएस नगर की ओर अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर इस मॉड्यूल के चार गुर्गों को देखे जाने संबंधी विश्वसनीय जानकारी पर तेजी से कार्रवाई करते हुए एजीटीएफ और एसएएस नगर पुलिस कर्मियों की एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने तुरंत हाईवे की विभिन्न जगहों पर विशेष नाके लगा दिए।
एडीजीपी ने बताया कि पुलिस टीम ने हाईवे पर जनैतपुर लिंक रोड के पास संदिग्ध व्यक्तियों को दो विदेशी पिस्तौलों और गोला-बारुद समेत काबू कर लिया।
अधिक जानकारी देते हुए सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) एसएएस नगर हरमनदीप हंस ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए मुलजिमों को उनके विदेशी हैंडलरों द्वारा पंजाब में बड़े अपराधों को अंजाम देने का काम सौंपा गया था। एसएसपी ने आगे कहा कि इन गिरफ्तारियों से क्षेत्र में गंभीर अपराधों की संभावना टल गई है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0