कहा, जीएमडीए स्टॉर्म वॉटर ड्रेन और सीवरेज लाइन की सफाई के लिए एसओपी करे तैयार सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश
कहा, जीएमडीए स्टॉर्म वॉटर ड्रेन और सीवरेज लाइन की सफाई के लिए एसओपी करे तैयार सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव योगेश कुमार ने यमुना को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष निर्देश दिए है। गुरुग्राम में चल रहे कार्यों को और गति देने के लिए योगेश कुमार ने शुक्रवार को विकास सदन में समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान ड्रेनों को प्रदूषण मुक्त करने के लिए तैयार कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की गई।
योगेश कुमार ने हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के अधिकारियों से कार्य प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट लेने के उपरांत निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करते हुए जमीन पर प्रभावी परिणाम सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया। योगेश कुमार ने निर्देश दिए कि एसटीपी की संयुक्त सैंपलिंग पुनः कराई जाए और 15 दिनों के भीतर इसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि लेग-III से लेग-II में बिना उपचारित पानी के डायवर्जन को 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपचारित पानी का उपयोग सिंचाई कार्यों में किया जा सके। इसके अलावा, उन्होंने जीएमडीए को स्टॉर्म वॉटर ड्रेनों और सीवरेज लाइनों की सफाई के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जिससे अवैध कनेक्शनों को चिन्हित कर हटाया जा सके।
सदस्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि लेग-II में सभी प्रदूषण बिंदुओं की पहचान और मैपिंग तीन महीनों के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि ड्रेनों से निकाले जा रहे ठोस कचरे का समुचित आकलन किया जाए और उसका वैज्ञानिक तरीके से निपटान सुनिश्चित करते हुए उसका पूरा रिकॉर्ड भी संधारित किया जाए, ताकि भविष्य में निगरानी और योजना निर्माण में इसका प्रभावी उपयोग किया जा सके।
योगेश कुमार ने नगर निगम गुरुग्राम के अधिकारियों से उनके कार्यक्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों बारे भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि नए पंजीकृत टैंकरों की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए तथा अवैध टैंकर संचालन पर सख्त कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया जाए।
साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि ड्रेनों के किनारे किए जा रहे फेंसिंग कार्य की स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि अवैध प्रवेश और कचरा फेंकने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। इसके साथ ही सभी एसटीपी का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा उनके संचालन को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने बारे भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि ड्रेनों की टेपिंग, एसटीपी और सीईटीपी की स्थापना, प्रभावी कचरा प्रबंधन तथा निगरानी तंत्र को मजबूत किए जाने से यमुना के जल की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में सकारात्मक प्रगति हो रही है। श्री योगेश कुमार ने निर्देश दिए कि सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि प्रदूषण नियंत्रण के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सके।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0