वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, समय पर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने पर जोर
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, समय पर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने पर जोर
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
पंजाब के दिरबा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि क्षेत्र में अब तक 1362 विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जिन पर 308.80 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। वहीं 421.26 करोड़ रुपये की लागत से 709 विकास कार्य अभी प्रगति पर हैं। मंत्री ने यह जानकारी जिला प्रशासनिक परिसर संगरूर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक के दौरान दी।
बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी चल रहे प्रोजेक्ट समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार दिरबा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है ताकि लोगों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत नई सड़कों का निर्माण, पुरानी सड़कों की मरम्मत, लिंक रोड का विस्तार और गलियों को पक्का करने का काम तेजी से चल रहा है।
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर सुधार किए जा रहे हैं। सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों का नवीनीकरण, नई मशीनरी की व्यवस्था और आम आदमी क्लीनिकों का विस्तार किया जा रहा है। वहीं स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, नई लाइब्रेरी, लैब और अतिरिक्त कक्षाओं का निर्माण किया जा रहा है ताकि छात्रों को आधुनिक शिक्षा वातावरण मिल सके।
इसके अलावा खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए नए स्टेडियम, जिम और खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं ताकि युवाओं को नशे से दूर रखते हुए खेलों की ओर प्रेरित किया जा सके। साथ ही पेयजल, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट और पार्क जैसी बुनियादी सुविधाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि सरकार हर गांव और शहर के संतुलित विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और लोगों की मूलभूत जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0