चन्नी ने हाईकमान के फैसले को माना अंतिम, अब 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर फोकस
चन्नी ने हाईकमान के फैसले को माना अंतिम, अब 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर फोकस
खबर खास | चंडीगढ़
पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ दिनों से चल रहा नेतृत्व विवाद अब समाप्त होता नजर आ रहा है। कांग्रेस हाईकमान ने स्पष्ट कर दिया है कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ही पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के अध्यक्ष बने रहेंगे।
यह फैसला नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में कांग्रेस के महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई बैठक में लिया गया। इस बैठक के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और उनके समर्थकों द्वारा पिछले लगभग दो सप्ताह से चलाया जा रहा नेतृत्व परिवर्तन का अभियान भी समाप्त हो गया।
बैठक के बाद चरणजीत सिंह चन्नी ने सार्वजनिक रूप से पार्टी के फैसले को स्वीकार करते हुए कहा कि कांग्रेस उनके लिए सर्वोपरि है और हाईकमान का निर्णय उनके लिए अंतिम है। उन्होंने यह भी दोहराया कि वह राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरा विश्वास रखते हैं और पार्टी नेतृत्व के हर निर्णय का सम्मान करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले चन्नी गुट लगातार राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने की मांग कर रहा था। कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी इस मांग का समर्थन किया था। हाल ही में पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल के चंडीगढ़ दौरे के दौरान भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी। हालांकि, उसी समय भूपेश बघेल ने संकेत दे दिए थे कि प्रदेश नेतृत्व में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा।
भूपेश बघेल के दौरे के अंतिम दिन वरिष्ठ कांग्रेस नेता राणा गुरजीत सिंह के आवास पर करीब 70 से 80 कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई थी, जिसमें राजा वड़िंग को बदलने की मांग एक बार फिर उठाई गई थी।
सूत्रों के अनुसार, हालिया घटनाक्रम के दौरान राहुल गांधी ने चन्नी गुट के साथ कोई अलग बैठक नहीं की। वहीं, कांग्रेस अब 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियों को तेज करने जा रही है। इसी क्रम में राहुल गांधी के जल्द ही पंजाब दौरे पर आने की भी संभावना जताई जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0