नायब सिंह सैनी ने सादगी, पर्यावरण संरक्षण और जनसंपर्क का प्रस्तुत किया अनोखा उदाहरण
नायब सिंह सैनी ने सादगी, पर्यावरण संरक्षण और जनसंपर्क का प्रस्तुत किया अनोखा उदाहरण
ख़बर खास | हरियाणा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को पंचकूला के इंदिरा कॉलोनी स्थित वाल्मीकि मंदिर में वाल्मीकि समुदाय और स्थानीय निवासियों के साथ प्रसाद ग्रहण कर सामाजिक सौहार्द और सादगी का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर में पहुंचकर सबसे पहले महर्षि वाल्मीकि को नमन किया और प्रदेश की समृद्धि व जनकल्याण के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री इससे पहले पंचकूला के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के बाद वे सीधे इंदिरा कॉलोनी पहुंचे, जहां उनका स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री इस दौरान इलेक्ट्रिक बस में यात्रा कर पहुंचे, जिससे उन्होंने ईंधन संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का स्पष्ट संदेश दिया।
वाल्मीकि मंदिर में पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्थानीय महिलाओं द्वारा परोसे गए प्रसाद को जमीन पर बैठकर ग्रहण किया। उनकी यह सादगी और विनम्रता उपस्थित लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय निवासियों से आत्मीय संवाद किया और उनके हालचाल भी पूछे।
स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि उच्च पद पर होने के बावजूद जिस प्रकार उन्होंने आम जनता के बीच बैठकर प्रसाद ग्रहण किया, वह बेहद प्रेरणादायक है। लोगों ने कहा कि यह कदम समाज में समानता और भाईचारे को मजबूत करता है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे उपस्थित रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी सभी का अभिवादन स्वीकार किया और लोगों से सहज संवाद स्थापित किया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता, राज्य उपाध्यक्ष बंता कटारिया, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, नवनिर्वाचित मेयर श्याम लाल बंसल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में सादगी, सामाजिक एकता और जनसंपर्क की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0