छठी कक्षा से सरकारी स्कूलों में पढ़ाया जाएगा ए.आई.; उत्तर पुस्तिकाएं होंगी ऑनलाइन, शिक्षा सुधारों पर छात्रों से सीधे संवाद
छठी कक्षा से सरकारी स्कूलों में पढ़ाया जाएगा ए.आई.; उत्तर पुस्तिकाएं होंगी ऑनलाइन, शिक्षा सुधारों पर छात्रों से सीधे संवाद
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
पंजाब सरकार ने राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ा कदम उठाते हुए ‘ब्राइट माइंड्स पंजाब 2026’ कार्यक्रम की शुरुआत रूपनगर जिले के श्री आनंदपुर साहिब स्थित विरासत-ए-खालसा से की। कार्यक्रम में 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 600 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को अचीवमेंट सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और आम आदमी पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ संवाद कर शिक्षा व्यवस्था में हो रहे बदलावों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने घोषणा की कि नए शैक्षणिक सत्र से पंजाब के सभी सरकारी स्कूलों में छठी कक्षा से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) को विषय के रूप में पढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती तकनीकी दुनिया में विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है। ए.आई. आने वाले वर्षों में रोजगार और नवाचार का प्रमुख आधार बनेगा, इसलिए छात्रों को शुरुआती स्तर से ही इस तकनीक से परिचित कराया जाएगा।
बैंस ने कहा कि नीति आयोग की हालिया रैंकिंग में पंजाब ने स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में देश में अग्रणी स्थान हासिल किया है और सरकार इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए लगातार सुधार लागू कर रही है। उन्होंने पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पी.एस.ई.बी.) की परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाएं अब ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों का शिक्षा प्रणाली पर भरोसा और मजबूत होगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सवाल रखे और सुधारों के लिए सुझाव भी दिए। शिक्षा मंत्री ने बताया कि ‘ब्राइट माइंड्स पंजाब 2026’ कार्यक्रम अब राज्य के सभी जिलों में आयोजित किया जाएगा, जहां विद्यार्थियों को सीधे नीति निर्माताओं से संवाद करने और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपने विचार साझा करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि किसी भी राज्य और देश की प्रगति उसकी शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे तथा कहा कि हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और नवाचार की सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि पंजाब के युवा शिक्षा के क्षेत्र में देश का नेतृत्व करने की क्षमता रखते हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0