मुख्यमंत्री बोले- आम आदमी पार्टी ने 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए काफी पहले घोषित किए 40 उम्मीदवार, ताकि उन्हें प्रचार और जनता से जुड़ने का पर्याप्त समय मिले; जनमत सर्वेक्षणों और लोगों के फीडबैक के आधार पर हुआ चयन
मुख्यमंत्री बोले- आम आदमी पार्टी ने 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए काफी पहले घोषित किए 40 उम्मीदवार, ताकि उन्हें प्रचार और जनता से जुड़ने का पर्याप्त समय मिले; जनमत सर्वेक्षणों और लोगों के फीडबैक के आधार पर हुआ चयन
खबर खास | चंडीगढ़
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को कांग्रेस की उम्मीदवार चयन प्रक्रिया पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी बगावत के डर से आखिरी समय तक टिकटों का ऐलान टालती रहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आशंका रहती है कि टिकट नहीं मिलने से नाराज नेता पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं या निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतर सकते हैं। मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के एक दिन बाद आई है।
भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी चुनाव से तीन-चार महीने पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा करने की नीति पर काम करती है। इससे प्रत्याशियों को अपने विधानसभा क्षेत्रों में लोगों तक पहुंचने, जनसंपर्क करने और चुनाव प्रचार के लिए पर्याप्त समय मिल जाता है। उन्होंने कहा कि समय रहते उम्मीदवारों के नाम घोषित करने से चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने में भी मदद मिलती है।
जनमत सर्वेक्षण और लोगों के फीडबैक से तय हुए उम्मीदवार
मुख्यमंत्री ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया के बारे में बताते हुए कहा कि नामों को अंतिम रूप देने से पहले लोगों की राय और सर्वेक्षणों के निष्कर्षों को काफी महत्व दिया गया। प्रत्याशियों के चयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और जनता से मिले फीडबैक को भी निर्णय का आधार बनाया गया।
उन्होंने सभी 40 उम्मीदवारों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करेंगे। मान ने कहा कि पार्टी ने नए चेहरों को भी मौका दिया है। करीब 12-13 साल पुरानी आम आदमी पार्टी में नई प्रतिभाओं को राजनीति में आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने के लिए मंच दिया जाता है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वहां टिकट नहीं मिलने वाले नेताओं के बागी होने या निर्दलीय चुनाव लड़ने की आशंका बनी रहती है। इसके विपरीत, आप की ओर से पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा कर देने से प्रत्याशियों को जनता के बीच अपनी जगह बनाने और चुनावी तैयारी करने का अवसर मिलता है।
विकास के मुद्दे पर विपक्ष को दी चुनौती
पंजाब में विकास कार्य नहीं होने के विपक्ष के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस से ऐसी बयानबाजी की उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने विपक्षी नेताओं को चुनौती दी कि वे राज्य में आकर सरकार के कामकाज का जायजा लें और जमीनी हकीकत देखने के बाद अपनी राय रखें।
मान ने दावा किया कि राज्य का कोई भी गांव विकास के लिए मिलने वाली सरकारी राशि से वंचित नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों में सड़कों का निर्माण कराया गया है और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए थापर और सिसवाल मॉडल के तहत काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने ट्यूबवेलों से जुड़े कार्यों, युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों, आम आदमी क्लीनिकों की स्थापना और सरकारी स्कूलों के अपग्रेडेशन को भी सरकार की उपलब्धियों के रूप में गिनाया। उन्होंने कहा कि पंजाब के गांवों और शहरों में जाकर लोग पिछले कुछ वर्षों में हुए विकास कार्यों का खुद आकलन कर सकते हैं।
समय से पहले टिकट देकर नेताओं की नाराजगी दूर करने की कोशिश
भगवंत मान ने कहा कि चुनाव से काफी पहले उम्मीदवारों की घोषणा करने का एक उद्देश्य सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने का अवसर देना भी है। इससे प्रत्याशी अपने क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों और लोगों की समस्याओं को समझकर उनके साथ सीधा संपर्क मजबूत कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि समय से पहले उम्मीदवारों के नाम घोषित होने से टिकट के इच्छुक अन्य नेताओं को भी स्थिति स्पष्ट हो जाती है। पार्टी के पास ऐसे नेताओं और कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने, उन्हें समझाने और संगठन में वैकल्पिक जिम्मेदारियां सौंपने के लिए पर्याप्त समय रहता है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0