फिरोजपुर में आयोजित रैली में सुखबीर बादल ने किया दावा
फिरोजपुर में आयोजित रैली में सुखबीर बादल ने किया दावा
खबर खास, फिरोजपुर/चंडीगढ़ :
शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने घोषणा की है कि आगामी अकाली दल सरकार गैंगस्टरों और ड्रग तस्करों को आतंकवादी घोषित करके इस अभिशाप को जड़ से खत्म करेगी और उनके साथ कानून की पूरी ताकत के साथ निपटेगी।
अकाली दल अध्यक्ष फिरोजपुर ग्रामीण हलके में पार्टी के पंजाब बचाओ अभियान के तहत एक विशाल रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होने हलका इंचार्ज जोगिंदर सिंह जिंदू को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इससे साफ हो गया है कि पंजाबी दिल्ली स्थित सभी पार्टियों से तंग आ चुके हैं और अब वे कोई नया प्रयोग नही करना चाहते और उन्होने राज्य में अकाली दल सरकार बनाने का मन बना लिया है।
बादल ने कहा कि गैंगस्टर और ड्रग तस्कर का पंजाब पर कब्जा है और आम आदमी पार्टी सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान इन असामाजिक तत्वों पर लागम लगाने में पूरी तरह विफल रहे हैं। उन्होने कहा,‘‘ मुझे लगता है कि इस दोहरी खतरे से निपटने के लिए कानून लाने का समय आ गया है। अकाली दल की सरकार बनने के बाद हम गैंगस्टरों और ड्रग तस्करों को जमानत देने से इंकार करने के अलावा उनकी संपत्तियां जब्त करने का भी कानून लाएंगें। मैं उन्हें सलाह देता हूं कि यां तो वे पंजाब को छोड़ दें यां कानून के तहत पूरी तरह से खात्मे के लिए तैयार रहें।’’
बादल ने कहा कि सीएम पाकिस्तान के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दो पुलिसकर्मियों की हत्या जैसे संवेदनशील मुददे पर अपना रूख बदल रहे हैं। उन्होने कहा,‘‘ पहले तो सरकार को गुरदासपुर के अधियान पुलिस चैंकी पर एक एएसआई और एक हेडकांस्टेबल की मौत के बारे कोई जानकारी नही थी। उसके बाद मुख्यमंत्री ने उनके सर्वोच्च बलिदान की सराहना करते हुए उनके परिवारों को 1 करोड़ रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। अब वह दावा कर रहे हैं कि दोनो अधिकारियों की आपस में हाथापाई से मौत हुई होगी। इस तरह का कुशासन आम आदमी पार्टी सरकार की पहचान है, जिसमें मुख्यमंत्री पंजाब के लोगों की सेवा करने के बजाय अरविंद केजरीवाल की सेवा करने में व्यस्त हैं।’’
अकाली दल अध्यक्ष ने सरकारी जमीन को औने-पौने दामों में बेचकर ‘पंजाब रसोई’ योजना शुरू करने के लिए आम आदमी पार्टी सरकार की निंदा की है। उन्होने कहा कि चार साल तक इस योजना को लागू नही करने के बाद आप सरकार 2027 में विधानसभा चुनावों से पहले पंजाबियों को प्रभावित करने के लिए इसका इस्तेमाल कर रही है। उन्होने कहा,‘‘ ऐसे हथकंडे भी आम आदमी पार्टी को नही बचा सकते हैं।’’
सरदार बादल ने समाज के सभी वर्गों को कवर करने वाले पंजाब के लिए अपने दृष्टिकोण के बारे में बताते हुए घोषणा की कि अकाली दल पूर्व कांग्रेस और मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकारों द्वारा सरकारी कर्मचारियों के साथ किए गए सभी भेदभावों को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल करना भी शामिल है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0