सीएम के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मण ने कराया स्वागत, खेल जगत से राजनीति में नई एंट्री
सीएम के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मण ने कराया स्वागत, खेल जगत से राजनीति में नई एंट्री
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
पंजाब की राजनीति में शुक्रवार को एक नया और दिलचस्प मोड़ देखने को मिला, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके पहलवान और ‘इंडियाज़ स्ट्रॉन्गेस्ट मैन’ का खिताब जीतने वाले इंदरप्रीत सिंह उर्फ ‘सुपर खालसा’ ने आधिकारिक तौर पर आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मण ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया और गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस शामिल होने को पार्टी के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है, क्योंकि इंदरप्रीत सिंह न सिर्फ खेल जगत में एक बड़ा नाम हैं, बल्कि युवाओं के बीच उनकी मजबूत पहचान भी है। ओएसडी घुम्मण ने कहा कि इंदरप्रीत जैसे समर्पित और अनुशासित खिलाड़ी के पार्टी में आने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में मदद मिलेगी।
इंदरप्रीत सिंह ने पार्टी में शामिल होने के पीछे अपनी प्रेरणा का जिक्र करते हुए बताया कि मशहूर कबड्डी खिलाड़ी पाला जलालपुरिया, रुस्तम-ए-हिंद जस्सा पट्टी और प्रीतपाल फगवाड़ा जैसे दिग्गजों के सामाजिक योगदान और प्रभाव ने उन्हें राजनीति के जरिए समाज सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अब वह अपने खेल के अनुभव और लोकप्रियता का उपयोग समाज के हित में करना चाहते हैं।
खेल उपलब्धियों की बात करें तो इंदरप्रीत सिंह का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। वह वर्तमान में प्रो-रेसलिंग के हैवीवेट चैंपियन हैं और पंजाब स्टेट पावरलिफ्टिंग में चार स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और संघर्ष की कहानी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रही है।
पार्टी नेतृत्व ने विश्वास जताया कि इंदरप्रीत सिंह जैसे युवा चेहरों के जुड़ने से ‘रंगला पंजाब’ के विजन को और मजबूती मिलेगी। साथ ही उनकी लोकप्रियता के चलते युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने और खेलों व रचनात्मक गतिविधियों की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0