भगवंत मान सरकार पर जमकर बरसे अकाली दल अध्यक्ष, कहा- पांच साल चुटकुले सुनाकर पंजाब को पीछे धकेला
भगवंत मान सरकार पर जमकर बरसे अकाली दल अध्यक्ष, कहा- पांच साल चुटकुले सुनाकर पंजाब को पीछे धकेला
मलोट की दाना मंडी में बुधवार को आयोजित शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की ‘पंजाब बचाओ रैली’ में पार्टी अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और सांसद अमृतपाल सिंह पर जमकर निशाना साधा। नांदेड़ में हुए हमले के बाद आयोजित इस रैली में सुखबीर बादल ने पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात से लेकर सरकार की नीतियों तक पर तीखे सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री भगवंत मान पर हमला बोलते हुए सुखबीर बादल ने आरोप लगाया कि उनकी सरकार के दौरान सिख मर्यादा से जुड़े कई मामलों को लेकर गंभीर स्थिति बनी। उन्होंने बेअदबी की घटनाओं का जिक्र करते हुए दावा किया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के शासनकाल में सैकड़ों घटनाएं हुईं, लेकिन इनमें शिअद के किसी नेता या कार्यकर्ता का नाम सामने नहीं आया।
अमृतपाल सिंह और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन को लेकर भी सुखबीर बादल ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि 2022 में दुबई से लौटने के बाद अमृतपाल ने खुद को पंजाब का वारिस बताना शुरू किया। सुखबीर ने आरोप लगाया कि कुछ लोग गुरुद्वारों को राजनीतिक गतिविधियों के लिए ढाल के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “ये पंजाब के वारिस नहीं, वायरस हैं।”
सुखबीर बादल ने आरोप लगाया कि कुछ लोग बंदी सिंहों की रिहाई की बजाय अमृतपाल की रिहाई को मुद्दा बना रहे हैं और उनका मकसद पंजाब के गुरुद्वारों तथा उनकी गोलकों पर कब्जा करना है। हालांकि, ये सभी आरोप सुखबीर बादल ने रैली के दौरान लगाए।
शिअद सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए सुखबीर ने एम्स जैसे संस्थानों, सड़कों के निर्माण, अमृतसर में श्री हरिमंदिर साहिब के आसपास हुए सुंदरीकरण, बंदा सिंह बहादुर स्मारक और अन्य ऐतिहासिक यादगारों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों को तबाही बताना विपक्ष की राजनीतिक मजबूरी है।
भगवंत मान सरकार पर हमला जारी रखते हुए सुखबीर बादल ने कहा कि इंकलाब जिंदाबाद और शहीद भगत सिंह की सोच की बातें करके भगवंत मान मुख्यमंत्री तो बन गए, लेकिन उनके मुताबिक सरकार ने पांच साल “चुटकुले सुनाकर बर्बाद कर दिए।” उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में गुंडागर्दी बढ़ रही है और अगर दोबारा मौजूदा सरकार को मौका मिला तो राज्य की स्थिति और खराब हो सकती है।
सुखबीर बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल पंजाब की क्षेत्रीय पार्टी है और पंजाब ही उसका घर है। उन्होंने कहा कि राज्य तभी तरक्की करेगा, जब यहां के युवा आगे बढ़ेंगे। उन्होंने राजस्थान को पानी दिए जाने, मेडिकल कॉलेज और फैक्ट्रियां खोलने तथा किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन देने जैसे मुद्दे भी उठाए।
सत्ता में आए तो एक लाख रुपये की शगुन स्कीम का ऐलान
रैली के दौरान सुखबीर बादल ने बड़ा चुनावी ऐलान करते हुए कहा कि अगर शिअद की सरकार बनती है तो पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की याद में एक लाख रुपये की शगुन स्कीम शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि एससी, बीसी और सामान्य वर्ग के गरीब युवाओं को कॉलेज स्तर तक मुफ्त शिक्षा देने की दिशा में काम किया जाएगा।
सुखबीर ने यह भी कहा कि गरीब परिवारों के बच्चों के लिए निजी स्कूलों में 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की तरक्की की बुनियाद शिक्षा है और राज्य का भविष्य तभी बेहतर होगा, जब पंजाब के बच्चे शिक्षित होंगे।
रैली में बड़ी संख्या में शिअद कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पार्टी नेताओं ने पंजाब में शिअद को मजबूत करने का आह्वान किया।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0