जनहित याचिका में हिंसा, आगजनी और लूटपाट के आरोपों का जिक्र; दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे करीब 18 घंटे रहा प्रभावित
जनहित याचिका में हिंसा, आगजनी और लूटपाट के आरोपों का जिक्र; दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे करीब 18 घंटे रहा प्रभावित
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हाल ही में हुई हिंसा का मामला अब पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच गया है। मामले को लेकर हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है। मंगलवार को याचिका तत्काल सुनवाई के लिए चीफ जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा और जस्टिस रोहित कपूर की बेंच के समक्ष पेश की गई। अदालत ने मामले पर बुधवार को सुनवाई करने पर सहमति जताई है।
याचिका में यूनिवर्सिटी कैंपस में हुई हिंसा को गंभीर बताते हुए अदालत से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है। याचिकाकर्ता की ओर से आरोप लगाया गया है कि हिंसा के दौरान कैंपस में कथित तौर पर दंगा, आगजनी और लूटपाट की घटनाएं हुईं। सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी किए जाने का भी दावा याचिका में किया गया है।
याचिका में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की गई है। इसके अलावा विरोध प्रदर्शन के कारण दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे करीब 18 घंटे तक प्रभावित रहने का भी उल्लेख किया गया है।
हिंसा के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने 28 सितंबर से अगले 10 दिनों के लिए सभी कक्षाएं और अकादमिक गतिविधियां स्थगित कर दी हैं। कैंपस में स्थिति सामान्य करने और छात्रों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
बताया गया है कि रविवार को यूनिवर्सिटी कैंपस में एक छात्र के साथ कथित दुष्कर्म की खबर सामने आने के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया था। हालांकि, पुलिस द्वारा दर्ज मामले की जांच के दौरान अभी तक ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। अब हाईकोर्ट में बुधवार को होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0