खुड्डी खुर्द के पास सफाई में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराईं काफिले की गाड़ियां, टेम्पो ट्रैवलर क्षतिग्रस्त; सभी सुरक्षित
खुड्डी खुर्द के पास सफाई में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराईं काफिले की गाड़ियां, टेम्पो ट्रैवलर क्षतिग्रस्त; सभी सुरक्षित
बरनाला-बठिंडा नेशनल हाईवे पर गांव खुड्डी खुर्द के पास मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे धार्मिक प्रचारक और परमेश्वर द्वार के मुख्य प्रबंधक रणजीत सिंह ढड्डरियां वाले के काफिले के साथ सड़क हादसा हो गया। हादसे में रणजीत सिंह ढड्डरियां वाले समेत काफिले में सवार अन्य लोगों के सुरक्षित होने की जानकारी है। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, रणजीत सिंह ढड्डरियां वाले अपने साथियों के साथ बरनाला से बठिंडा की ओर जा रहे थे। जब उनका काफिला खुड्डी खुर्द के पास पहुंचा तो हाईवे के डिवाइडर के समीप सफाई का काम कर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से काफिले की गाड़ियों की टक्कर हो गई। हादसे में काफिले में शामिल एक टेम्पो ट्रैवलर को काफी नुकसान पहुंचा।
काफिले में मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि हाईवे के डिवाइडर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी होने के कारण हादसे की स्थिति बनी। उनका कहना था कि टेम्पो ट्रैवलर चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाई, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। इस दौरान एक बस द्वारा कट मारने की बात भी सामने आई है।
वहीं, सड़क की सफाई के लिए ट्रैक्टर चला रहे रेशम सिंह ने बताया कि उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क के किनारे खड़ी की हुई थी। उसके अनुसार, पीछे से आ रही बस के कारण काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मीडिया कर्मियों ने जब रणजीत सिंह ढड्डरियां वाले से उनका हालचाल पूछा तो उन्होंने खुद को ठीक बताया। इसके बाद उनका काफिला बठिंडा की ओर रवाना हो गया। काफिले में शामिल जत्थेदारों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के सड़क के पास खड़े होने को लेकर नाराजगी जाहिर की।
घटना के संबंध में परमेश्वर द्वार के किसी भी जत्थेदार ने मीडिया के सामने विस्तार से जानकारी देने से इनकार कर दिया। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने हादसे के समय सड़क सुरक्षा बल के मौके पर नहीं पहुंचने की बात भी कही।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0