8 सीजन और 161 एपिसोड के बाद शो को अलविदा कहेंगे करण जौहर, 14 अक्टूबर से जियो हॉटस्टार पर शुरू होगा नया सीजन
8 सीजन और 161 एपिसोड के बाद शो को अलविदा कहेंगे करण जौहर, 14 अक्टूबर से जियो हॉटस्टार पर शुरू होगा नया सीजन
ख़बर खास | चंडीगढ़
फिल्ममेकर और लोकप्रिय टॉक शो होस्ट करण जौहर ने अपने चर्चित शो ‘कॉफी विद करण’ के नौवें सीजन का ऐलान कर दिया है। बुधवार को मेकर्स ने एक खास प्रोमो जारी किया, जिसमें करण जौहर ने शो के 22 साल लंबे सफर को याद करते हुए भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने बताया कि ‘कॉफी विद करण’ उनकी जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहा है और अब इसका नौवां सीजन इस सफर का आखिरी पड़ाव होगा।
करण जौहर ने अपने संदेश में बताया कि उन्होंने साल 2004 में ‘कॉफी विद करण’ शुरू किया था। उन्होंने याद किया कि जब उन्होंने अपने पिता के साथ इस चैट शो का आइडिया साझा किया था, तो उनके पिता ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि वह वैसे भी रोजाना चार दोस्तों से मिलकर बातें करते हैं, फिर टॉक शो शुरू करने की जरूरत क्या है। इसके कुछ ही दिनों बाद करण ने अपने पिता को खो दिया और इसके बाद उन्होंने इस शो की शुरुआत की।
करण ने कहा कि आठ सीजन और 161 एपिसोड के दौरान शो में कई रिश्ते बने और बदले। शो में साथ आए कई कलाकार बाद में एक्स लवर्स बने, तो कई दोस्त और परिवार के सदस्य भी इसका हिस्सा बने। इन वर्षों में हुई बातचीत ने सुर्खियां बटोरीं, मीम्स और बहस का हिस्सा बनीं और दर्शकों को कई यादगार पल दिए।
अपने भावुक संदेश में करण ने कहा कि ‘कॉफी विद करण’ ने उन्हें दोस्त, यादें, मस्ती भरे पल, ढेर सारा प्यार और कुछ विवाद भी दिए। उन्होंने कहा कि कुछ सफर ऐसे होते हैं, जिन्हें खत्म करने की कोई योजना नहीं होती, लेकिन कहीं न कहीं मन में यह एहसास जरूर होता है कि उन्हें कब विराम देना है। करण के मुताबिक, अब इस शो के सफर को अलविदा कहने का वक्त आ गया है।
करण ने शो के दर्शकों का भी खास तौर पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि दर्शक हर दौर में उनके साथ रहे, कभी हंसे, कभी बहस की, कभी ट्रोल किया और कभी शो की सराहना की। सबसे अहम बात यह रही कि दर्शक बार-बार ‘एक और कप’ के लिए शो में लौटते रहे। करण ने अपने संदेश के अंत में दर्शकों से इस आखिरी सीजन में उनके साथ ‘कॉफी का एक आखिरी कप’ पीने की अपील की।
‘कॉफी विद करण 9’ का प्रीमियर 14 अक्टूबर 2026 से जियो हॉटस्टार पर होने वाला है। चर्चा है कि सीजन के पहले एपिसोड में आलिया भट्ट अपनी बहन शाहीन भट्ट के साथ नजर आ सकती हैं। हालांकि, मेहमानों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0