बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल और गुणवत्तापूर्ण मिड-डे-मील सुनिश्चित करने के निर्देश
बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल और गुणवत्तापूर्ण मिड-डे-मील सुनिश्चित करने के निर्देश
पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य जसवीर सिंह सेखों द्वारा संगरूर जिले का औचक दौरा कर विभिन्न सरकारी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और राशन डिपुओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने मिड-डे-मील की गुणवत्ता, राशन की उपलब्धता एवं भंडारण, पेयजल, साफ-सफाई तथा लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
गांव जहांगीर के सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल में मिड-डे-मील की तैयारी, गुणवत्ता और राशन का भंडारण संतोषजनक पाया गया। स्कूल में आर.ओ. वाटर फिल्टर की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद पेयजल की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। इसी स्कूल में चल रहे तीन आंगनवाड़ी केंद्रों का बुनियादी ढांचा उचित पाया गया, लेकिन बच्चों की गैर-हाजिरी, हाजिरी रजिस्टरों का सही ढंग से रख-रखाव न होने तथा बच्चों और लाभार्थियों के लिए राशन की अनुपलब्धता संबंधी कमियां सामने आईं।
जहांगीर-कहेड़ू के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मिड-डे-मील की गुणवत्ता और राशन का भंडारण संतोषजनक पाया गया, लेकिन पेयजल की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं थी। इस संबंध में सदस्य द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बच्चों के लिए हर हाल में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित किया जाए।
गांव धूरी के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल के निरीक्षण के दौरान रसोई की स्थिति असुरक्षित तथा पेयजल की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। सदस्य जसवीर सिंह सेखों ने संबंधित अधिकारियों को स्कूल में जल्द आर.ओ. वाटर फिल्टर लगाने, किचन में आवश्यक सुधार करने तथा रसोईघर के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल, धूरी में मिड-डे-मील और राशन की स्थिति संतोषजनक पाई गई।
ढढोगल खेड़ी के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में किचन की साफ-सफाई और स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, जबकि मिड-डे-मील की गुणवत्ता ठीक पाई गई। इस संबंध में श्री सेखों द्वारा संबंधित अधिकारियों को किचन की साफ-सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा गांव ईसी के राशन डिपो का भी निरीक्षण किया गया। डिपो होल्डर द्वारा बताया गया कि लाभार्थियों को गेहूं का वितरण किया जा चुका है। हालांकि निरीक्षण के दौरान डिपो पर राशन वितरण संबंधी जानकारी और पंजाब राज्य खाद्य आयोग का हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित नहीं पाया गया। सदस्य द्वारा लाभार्थियों की जागरूकता के लिए राशन वितरण संबंधी जागरूकता बैनर तथा पंजाब राज्य खाद्य आयोग का हेल्पलाइन नंबर जल्द से जल्द प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जसवीर सिंह सेखों ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योग्य लाभार्थियों को खाद्यान्न और अन्य हकदार लाभ समय पर, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से उपलब्ध करवाए जाएं तथा किसी भी योग्य लाभार्थी को उसके अधिकार से वंचित न रहने दिया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित पेयजल और गुणवत्तापूर्ण राशन की उपलब्धता सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की मुख्य जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को तुरंत दूर करते हुए लाभार्थियों को उनके अधिकार और सरकारी सुविधाएं पारदर्शी ढंग से उपलब्ध करवाई जाएं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0