इशिका और सुनेलिता टोप्पो के गोल से मिली जीत, स्वर्ण पदक के साथ 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक का टिकट हासिल करने का मौका
इशिका और सुनेलिता टोप्पो के गोल से मिली जीत, स्वर्ण पदक के साथ 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक का टिकट हासिल करने का मौका
ख़बर खास | स्पोर्ट्स डेस्क
भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराया। इस जीत के साथ भारतीय टीम अब स्वर्ण पदक से सिर्फ एक कदम दूर है। खिताबी मुकाबले में भारत का सामना 2 अक्टूबर को चीन से होगा।
भारत के लिए यह मुकाबला शुरुआत से ही चुनौतीपूर्ण रहा। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और पहले दो क्वार्टर में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। भारतीय टीम ने शुरुआती मिनटों में कई पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन कोरिया के मजबूत डिफेंस के कारण उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सकी। पहले क्वार्टर में भारत को कुल नौ पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन स्कोर 0-0 ही रहा।
दूसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर जारी रही। कोरियाई खिलाड़ियों ने भारतीय हमलों को रोकने में कोई कसर नहीं छोड़ी। वहीं भारतीय डिफेंस ने भी कोरिया को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। पहले हाफ के समाप्त होने तक दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर थीं।
तीसरे क्वार्टर में भारत ने आखिरकार गतिरोध तोड़ा। मैच के 44वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और फॉरवर्ड खिलाड़ी इशिका ने इसे गोल में तब्दील करते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भारतीय टीम ने अपना दबाव बनाए रखा और कोरिया को वापसी का मौका नहीं दिया।
भारत की बढ़त ज्यादा देर तक 1-0 नहीं रही। महज चार मिनट बाद सुनेलिता टोप्पो ने शानदार मैदानी गोल कर भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया। 48वें मिनट में किए गए इस गोल के बाद कोरियाई टीम पर दबाव और बढ़ गया।
मुकाबले के अंतिम चरण में कोरिया ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस के सामने उसकी एक नहीं चली। कोरियाई टीम पूरे मैच में एक भी गोल नहीं कर सकी और भारत ने 2-0 से मुकाबला अपने नाम कर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
भारतीय महिला टीम अब खिताबी मुकाबले में चीन से भिड़ेगी। भारत के पास इस जीत के साथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक के 44 साल के इंतजार को खत्म करने का मौका है। इसके अलावा स्वर्ण पदक जीतने पर भारतीय टीम 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर जाएगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0