पटियाला को फिर से ‘बागों का शहर’ बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत : स्वास्थ्य मंत्री
पटियाला को फिर से ‘बागों का शहर’ बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत : स्वास्थ्य मंत्री
पंजाब सरकार द्वारा राज्य को साफ-सुथरा, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन क्लीन पंजाब’ अभियान के चौथे दिन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पटियाला ग्रामीण के त्रिपड़ी में पथर पार्क से कोहली स्वीट्स तक सफाई अभियान का नेतृत्व किया। इस अवसर पर बी.एन. खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सरहिंद रोड के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि ‘मिशन क्लीन पंजाब’ पंजाब सरकार की सराहनीय पहल है और इसकी सफलता के लिए लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सफाई की शुरुआत हमें अपने घर से करनी चाहिए और फिर आसपास, मोहल्ले तथा शहर को साफ रखने के लिए योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पटियाला कभी ‘बागों के शहर’ के रूप में जाना जाता था और इस पहचान को फिर से स्थापित करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण लोगों के स्वास्थ्य से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है और सफाई को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की जरूरत है।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि जहां सफाई होगी, वहां स्वस्थता होगी, जबकि गंदगी बीमारियों को न्योता देती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कूड़ा, मच्छरों की भरमार, सीवरेज लीकेज या जमा पानी नजर आने पर ‘एम-सेवा’ ऐप के माध्यम से फोटो सहित शिकायत दर्ज करवाएं। ऐप का उपयोग न कर सकने वाले लोग 8750975975 पर व्हाट्सऐप के माध्यम से फोटो और लोकेशन भेज सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत पर 24 घंटे के अंदर कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से प्लास्टिक के उपयोग से परहेज करने की अपील करते हुए कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरा पर्यावरण बनाने के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही फेंकना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ‘मिशन क्लीन पंजाब’ को जन आंदोलन बनाने के लिए सरकार के साथ-साथ हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने स्कूली विद्यार्थियों द्वारा अभियान में की गई भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि बच्चे अपने परिवारों और समाज को सफाई के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने समस्त पंजाब वासियों से अपील की कि आइए, सभी मिलकर सफाई को अपनी आदत बनाएं और पंजाब को फिर से साफ-सुथरा, खूबसूरत और रंगला पंजाब बनाने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर नगर निगम मेयर कुंदन गोगिया, अतिरिक्त कमिश्नर सिमरप्रीत कौर, पंजाब एग्रो फूड ग्रेन्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन बलजिंदर ढिल्लों, जिला मीडिया सचिव गज्जन सिंह तथा अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0