भागने की कोशिश में आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में काबू; पिस्तौल बरामद
भागने की कोशिश में आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में काबू; पिस्तौल बरामद
जालंधर में शनिवार सुबह पुलिस और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान आरोपी की टांग में गोली लगी और उसे घायल हालत में काबू कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्तौल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान तरनतारन निवासी सुखजिंदर सिंह उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है। वह कथित तौर पर गैंगस्टर डोनी बल गैंग से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने उसे एक वारदात के संबंध में शिनाख्त और पूछताछ के बाद हथियार बरामद करने के लिए अपने साथ लिया था।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस टीम आरोपी को जमशेरपुर स्थित डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि भागते समय उसने पुलिस पार्टी पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कुल तीन गोलियां चलने की बात सामने आई है। घटनास्थल से गोली का एक खोल भी बरामद किया गया है।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली आरोपी की टांग में लगी, जिसके बाद वह घायल होकर मौके पर गिर गया। पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर इलाज के लिए सिविल अस्पताल जालंधर में भर्ती करवाया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। पुलिस ने उसे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस बरामद पिस्तौल के अलावा उसके कथित आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0