घड़ूआं में नई लाइब्रेरी के निर्माण के लिए हो रही थी खुदाई, सिक्के मिलने की खबर फैलते ही मौके पर उमड़ी भीड़; प्रशासन ने जांच की बात कही
घड़ूआं में नई लाइब्रेरी के निर्माण के लिए हो रही थी खुदाई, सिक्के मिलने की खबर फैलते ही मौके पर उमड़ी भीड़; प्रशासन ने जांच की बात कही
खरड़ के पास ऐतिहासिक गांव घड़ूआं में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुराने पंचायत घर की जगह नई लाइब्रेरी के निर्माण के लिए चल रही खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से चांदी के सिक्कों से भरा एक कुज्जा बरामद होने की बात सामने आई। सिक्के मिलने की खबर गांव में तेजी से फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, खुदाई के दौरान मिट्टी में एक कुज्जा दिखाई दिया। उसे बाहर निकालने पर उसमें चांदी के सिक्के होने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने कथित तौर पर सिक्के इकट्ठे कर लिए। वहीं, निर्माण कार्य में लगे प्रवासी मजदूरों के बच्चों द्वारा भी बड़ी संख्या में सिक्के उठाए जाने की चर्चा है।
घटना की जानकारी मिलते ही खुदाई वाली जगह पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। शिरोमणि अकाली दल के जिला उपाध्यक्ष इकबाल मोहम्मद और समाजसेवी मनदीप सिंह घड़ूंआं ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से पुराने पंचायत घर की जगह नई लाइब्रेरी का निर्माण कराया जा रहा है। इसी दौरान खुदाई करते समय जमीन के अंदर से कुज्जा मिला, जिसमें चांदी के सिक्के बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सिक्कों पर उर्दू में कुछ लिखा हुआ है। हालांकि, अभी तक सिक्कों की सही संख्या, उनकी धातु, ऐतिहासिक महत्व और प्राचीनता को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सिक्के वास्तव में कितने पुराने हैं और उनका संबंध किस कालखंड से है, यह विशेषज्ञों और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घड़ूआं को क्षेत्र का एक ऐतिहासिक गांव माना जाता है और स्थानीय मान्यता के अनुसार इसका संबंध पांडवों के समय से भी जोड़ा जाता है। गांव में स्थित पांड सरोवर को लेकर भी मान्यता है कि इसकी खुदाई भीम ने की थी। ऐसे में जमीन के नीचे से सिक्कों से भरा कुज्जा मिलने की खबर ने ग्रामीणों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
पुलिस की मदद से बरामद कराया जाएगा सरकारी सामान: EO
मामले को लेकर कार्यकारी अधिकारी (EO) घड़ूंआं रवि कुमार जिंदल ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उनके अनुसार, संबंधित स्थान पर निर्माण कार्य चल रहा है और जिन लोगों के पास सरकारी सामान जाने की जानकारी मिली है, उनकी तस्वीरें भी अधिकारियों तक पहुंची हैं। पुलिस की मदद से सामान बरामद करवाने की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जमीन के नीचे से मिले सिक्कों और अन्य सामान की वास्तविक स्थिति आधिकारिक जांच के बाद ही सामने आएगी। खुदाई के दौरान वास्तव में क्या-क्या बरामद हुआ और सिक्कों की ऐतिहासिकता क्या है, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0