पश्चिमी कोलंबिया में तबाही का मंजर, दर्जनों इमारतें क्षतिग्रस्त; इक्वाडोर और पनामा तक महसूस हुए तेज झटके, कई शहरों में उड़ानें निलंबित
पश्चिमी कोलंबिया में तबाही का मंजर, दर्जनों इमारतें क्षतिग्रस्त; इक्वाडोर और पनामा तक महसूस हुए तेज झटके, कई शहरों में उड़ानें निलंबित
लातिन अमेरिकी देश कोलंबिया सोमवार को 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से दहल उठा। भूकंप के कारण देश के पश्चिमी हिस्से में भारी तबाही हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में कम से कम 47 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। तेज झटकों के बाद लोग दहशत में अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। कई इलाकों में मकानों और अन्य इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है।
भूकंप के झटके पड़ोसी देशों इक्वाडोर और पनामा में भी महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) और कोलंबिया की संबंधित एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र सैन होज़े डेल पालमार के पास चोको क्षेत्र में था। यह स्थान राजधानी बोगोटा से करीब 400 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। USGS के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जमीन की सतह से लगभग 107 किलोमीटर नीचे था।
कोलंबिया के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने इसे पिछले एक दशक में देश में दर्ज सबसे शक्तिशाली भूकंप बताया है। मुख्य भूकंप के बाद 2.8 और 4.8 तीव्रता के दो और झटके भी महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत और बढ़ गई।
भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में पेरेइरा, मनीजालेस और वाले देल काउका शामिल हैं। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, पेरेइरा में कम से कम 18 लोगों की जान गई है, जबकि मनीजालेस में दो लोगों की मौत हुई है। वाले देल काउका में 27 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है।
मनीजालेस में भूकंप के दौरान एक गिरजाघर का टावर ढह गया और उसका मलबा मुख्य प्रार्थना कक्ष पर जा गिरा। वहीं, चोको की गवर्नर नूबिया कॉर्डोबा ने बताया कि क्षेत्रीय राजधानी क्विब्दो में कई लोग घायल हुए हैं और बड़ी संख्या में इमारतों को नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो में पेरेइरा, कैली और क्विब्दो समेत कई शहरों में क्षतिग्रस्त मकान और इमारतें दिखाई दे रही हैं। कई इलाकों में राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है तथा मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।
कोलंबिया के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति अबेलार्डो दे ला एस्प्रिएला ने सैन जोस डेल पालमार में पैदा हुए आपात हालात से निपटने के लिए सरकारी कार्रवाई की कमान खुद संभालने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों को तेज करने में जुटी है।
भूकंप के बाद देश के कई हिस्सों में परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। अधिकारियों के अनुसार, मनीजालेस, क्विब्दो, आर्मेनिया, कार्टागो, बुएनावेंतुरा और पेरेइरा के हवाई अड्डों से उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं। प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने, घायलों को उपचार उपलब्ध कराने और मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0