सतलुज और स्वां नदी आधारित परियोजनाओं से किसानों को मिलेगा लाभ; पहले चरण में 9 गांवों की 2,785 एकड़ भूमि को मिलेगी लिफ्ट सिंचाई सुविधा
सतलुज और स्वां नदी आधारित परियोजनाओं से किसानों को मिलेगा लाभ; पहले चरण में 9 गांवों की 2,785 एकड़ भूमि को मिलेगी लिफ्ट सिंचाई सुविधा
ख़बर ख़ास | नूरपुर बेदी
पंजाब के जल संसाधन एवं भूमि व जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने नूरपुर बेदी ब्लॉक के किसानों के लिए बड़ी सिंचाई योजना की शुरुआत की है। गांव छज्जा से शुरू की गई इस योजना के तहत क्षेत्र के 102 गांवों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की तैयारी है। पूरी परियोजना पर करीब 650 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। योजना के लागू होने से लंबे समय से सिंचाई सुविधाओं से वंचित किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नूरपुर बेदी के गांव आजादी के बाद से ही कृषि के लिए पर्याप्त सिंचाई सुविधाओं की कमी झेलते रहे हैं। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार ने विभिन्न विकल्पों का अध्ययन किया है। इनमें नंगल रिजर्वायर और सतलुज दरिया से पानी उठाने, एएसएचसी और एनएचसी क्रॉसिंग से जुड़ी संभावनाओं तथा चोआं और नदियों पर बांध बनाकर वर्षा जल के संरक्षण जैसे विकल्प शामिल हैं।
मंत्री ने बताया कि योजना के तहत 8 से 14 गांवों के समूह बनाकर छोटी-छोटी लिफ्ट सिंचाई परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। इन योजनाओं के माध्यम से किसानों की जरूरत के अनुसार खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही चोआं और नदियों पर बांध बनाकर बारिश के पानी को संग्रहित करने तथा गुरुत्वाकर्षण प्रवाह के जरिए खेतों तक पहुंचाने की योजना भी तैयार की गई है।
उन्होंने कहा कि स्वां नदी को चैनलाइज करने से बाढ़ के खतरे को कम करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा बड़ी मात्रा में पानी का भंडारण कर भविष्य में उसे सिंचाई के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे किसानों को लाभ मिलने के साथ भूजल पर निर्भरता भी कम होगी।
बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि पहले चरण में 9 गांवों की 2,785 एकड़ भूमि को लिफ्ट सिंचाई सुविधा से जोड़ा जा रहा है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से बाकी गांवों तक भी सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
विधायक एडवोकेट दिनेश चड्ढा ने कहा कि नूरपुर बेदी के लिए यह ऐतिहासिक पहल है। जिस क्षेत्र को हर साल बाढ़ का सामना करना पड़ता था, वहां अब किसानों को नहरी पानी मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना नूरपुर बेदी के किसानों के लिए वरदान साबित होगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0